14 अगस्त से सजेगा जाखल तीज मेला, 10 दिन तक रहेगा रौनक का माहौल
निसं
बुगाला (नवयत्न)। क्षेत्र का प्रसिद्ध जाखल तीज मेला इस वर्ष 14 से 23 अगस्त तक आयोजित होगा। लगातार चौथे वर्ष लगने वाले इस दस दिवसीय मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन समिति ने पोस्टर का विमोचन कर कार्यक्रमों की रूपरेखा जारी की। मेला अध्यक्ष रामदीन कुमावत ने बताया कि इस बार धार्मिक परंपराओं के साथ मनोरंजन और खरीदारी की विशेष व्यवस्था रहेगी। मेले का मुख्य आकर्षण न्यू कमल सर्कस होगा। इसके अलावा बच्चों और युवाओं के लिए डॉलर झूला, बोट राइड, ब्रेक डांस, ड्रैगन सहित कई आधुनिक झूलों की व्यवस्था रहेगी।
15 अगस्त को निकलेगी तीज माता की शोभायात्रा
15 अगस्त को तीज माता की पारंपरिक और भव्य शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से निकाली जाएगी। श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर तीज माता के दर्शन करेंगे। शोभायात्रा के दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दुकानें
मेले में घरेलू सामान, हस्तशिल्प, खिलौने, श्रृंगार सामग्री और खान-पान के स्टॉल लगाए जाएंगे। इससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को खरीदारी के साथ मनोरंजन का भी अवसर मिलेगा। आयोजन समिति के अनुसार दुकानों का आवंटन 2 अगस्त से शुरू हो चुका है। पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर व्यापारियों को स्थान दिया जा रहा है। समिति ने दुकानदारों से समय रहते आवेदन कर स्थान सुरक्षित कराने की अपील की है।