झुंझुनूं पहुंची संत रविदास समरसता संकल्प यात्रा, भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की कलश यात्रा गुरुवार को झुंझुनूं पहुंची। भाजपा जिला अध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया और गुरु रविदास के जयघोष लगाए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी ने संत रविदास के जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास ने समाज को समानता, समरसता और मानवता का संदेश दिया, जो आज भी प्रासंगिक है। कार्यक्रम में पूर्व सांसद संतोष अहलावत, सह संयोजक महेश जीनगर, सुरेंद्र भाटिया, वर्षा सोमरा, राजेश दहिया सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
समरसता का संदेश घर-घर पहुंचाने का अभियान
यात्रा के जिला प्रभारी एवं पूर्व विधायक सुभाष पूनिया ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य संत रविदास के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। भाजपा 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज समरसता संकल्प अभियान चला रही है। इसकी शुरुआत वाराणसी स्थित गुरु रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर से हुई है।
आठ दिन तक लोकसभा क्षेत्र में रहेगा रथ
जिला संयोजक योगेंद्र मिश्रा ने बताया कि झुंझुनूं लोकसभा क्षेत्र की आठों विधानसभा में यह रथ लगातार आठ दिनों तक भ्रमण करेगा। प्रत्येक विधानसभा में एक दिन रुककर समरसता का संदेश दिया जाएगा और इसमें जनप्रतिनिधियों के साथ आमजन की भी भागीदारी रहेगी।