सिंघाना में 11 हजार पौधों के नि:शुल्क वितरण का शुभारंभ

मधु दहिया
सिंघाना (नवयत्न)। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में गुरुवार को सिंघाना में बड़ी पहल की गई। सहयोग एक पहल संस्थान और एचसीएल (केसीसी), खेतड़ी नगर के संयुक्त तत्वावधान में 21 हजार पौधे लगाने के अभियान के पहले चरण में 11 हजार नि:शुल्क पौधों के वितरण का शुभारंभ किया गया। शिव कॉलोनी स्थित शिव पार्वती एंटरप्राइजेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने पौधे लेकर उनकी देखभाल का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केसीसी इकाई प्रमुख पी.डी. बोहरा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण ही प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उप महाप्रबंधक वी.के. शर्मा और पर्यावरण प्रकोष्ठ प्रबंधक रामोजी राव ने भी संस्था के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता सियाराम शर्मा ने की, जबकि संचालन अजीत जांगिड़ ने किया। इस दौरान सैकड़ों ग्रामीणों और पर्यावरण प्रेमियों ने नि:शुल्क पौधे प्राप्त किए और उनकी सुरक्षा व संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विजेंद्र, मैक्स नायक, बुधराम गुर्जरवास, रफीक खान, इकबाल खान सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
20 हजार पौधे बन चुके हैं पेड़
संस्थान के अध्यक्ष डीपी सैनी ने बताया कि संस्था केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहती, बल्कि उनकी नियमित देखभाल भी करती है। इसी का परिणाम है कि पिछले वर्षों में लगाए गए 20 हजार से अधिक पौधे आज विकसित होकर पेड़ों का रूप ले चुके हैं।

You might also like