सीवरेज व वेस्टेज वाटर ड्रेनेज सिस्टम के लिए 3.34 करोड़ की स्वीकृति
निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ी नगरपालिका क्षेत्र में सीवरेज एवं वेस्टेज वाटर ड्रेनेज सिस्टम को सुदृढ़ बनाने के लिए राज्य सरकार ने 3 करोड़ 34 लाख रुपए की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस परियोजना के शुरू होने से शहर में अपशिष्ट जल प्रबंधन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा वर्षों से जल निकासी से जुड़ी समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
विधायक इंजी धर्मपाल गुर्जर ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से स्वीकृत इस राशि से नगरपालिका क्षेत्र में आधुनिक सीवरेज एवं ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर के समग्र विकास के लिए आधारभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता में शामिल है। बेहतर जल निकासी व्यवस्था से न केवल स्वच्छता को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या में भी कमी आएगी।
उन्होंने कहा कि परियोजना के लिए आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद शहर के विभिन्न वार्डों में अपशिष्ट जल के सुव्यवस्थित निकास की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे नागरिकों को राहत मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
विधायक गुर्जर ने कहा कि राज्य सरकार शहरों के सुनियोजित विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में खेतड़ी नगरपालिका क्षेत्र के लिए यह स्वीकृति एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने विश्वास जताया कि परियोजना के पूरा होने से शहर की आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी और नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार आएगा।
नगरपालिका क्षेत्र के लोगों ने इस स्वीकृति पर खुशी जताते हुए राज्य सरकार एवं विधायक का आभार व्यक्त किया। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से प्रभावी सीवरेज एवं ड्रेनेज सिस्टम की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब इस परियोजना के शुरू होने से जलभराव, गंदे पानी की निकासी और स्वच्छता से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान मिलने की उम्मीद है।