खेल मैदान निर्माण में अनियमितता को लेकर युवाओं में आक्रोश, ग्रामीणों ने विकास अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ी उपखंड के गांव चिरानी स्थित राजकीय स्कूल के खेल मैदान में चल रहे निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। शुक्रवार को ग्रामीणों ने रामनिवास लादी के नेतृत्व में विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि विद्यालय के खेल मैदान में ट्रैक निर्माण के लिए विधायक कोष से 12 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे। निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है, जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि अभी गुणवत्ता की जांच नहीं करवाई गई तो भविष्य में खेल मैदान उपयोग के योग्य नहीं रहेगा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जब गांव के युवा और स्थानीय लोग निर्माण कार्य की गुणवत्ता तथा तकनीकी मानकों के संबंध में जानकारी लेने के लिए ठेकेदार और सरपंच से संपर्क करते हैं तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता। इससे लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है। ज्ञापन में मांग की गई है कि निर्माण कार्य की तकनीकी जांच करवाई जाए, गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच हो तथा यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई और निर्माण कार्य में सुधार नहीं किया गया तो वे निर्माण कार्य रुकवाकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस मौके पर रामनिवास लादी, दीपक फौजी, संदीप कुमार, पंकज, अनिल, अजीत, शेर सिंह, संदीप लादी, अजय कुमार, रामनरेश, राजेंद्र बिवाल सहित अनेक लोग मौजूद थे।