ऑटो चलाते हैं, लेकिन जुनून पेड़-पौधों से, 6 साल में रेलवे स्टेशन पर लगाए 500 पौधे

निसं
बिसाऊ (नवयत्न)। पर्यावरण संरक्षण के लिए लोग अलग-अलग तरीके से योगदान देते हैं, लेकिन बिसाऊ के ऑटो चालक जयप्रकाश स्वामी ने पेड़-पौधों की सेवा को अपने जीवन का हिस्सा बना लिया है। पिछले करीब छह साल से वे बिसाऊ रेलवे स्टेशन परिसर को हरा-भरा बनाने में जुटे हैं। अब तक वे स्टेशन परिसर और उसके आसपास करीब 500 पेड़-पौधे लगा चुके हैं। जयप्रकाश ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 की चारदीवारी के पास 300 से अधिक पौधे लगाए हैं। इसके अलावा स्टेशन के सामने खाली पड़ी जमीन पर भी 150 से अधिक पेड़-पौधे लगाए हैं। इनमें छायादार और फलदार दोनों तरह के पौधे शामिल हैं।
रोज सुबह 7 बजे पहुंचते हैं स्टेशन
जयप्रकाश का पेड़-पौधों के प्रति जुनून ऐसा है कि वे रोज सुबह करीब 7 बजे अपना ऑटो लेकर रेलवे स्टेशन पहुंच जाते हैं। इसके बाद करीब दो घंटे पौधों की देखभाल में बिताते हैं। वे पौधों की निराई-गुड़ाई करते हैं, बड़े हो रहे पेड़ों की बढ़त को व्यवस्थित करते हैं और छोटे पौधों की विशेष देखभाल करते हैं। पौधों को पानी देने के लिए वे रेलवे के ट्यूबवेल का पानी इस्तेमाल करते हैं।
कई पौधे अब बन रहे पेड़
जयप्रकाश द्वारा लगाए गए कई पौधे अब पेड़ का रूप लेने लगे हैं। कुछ पौधे 5 से 6 फीट तक ऊंचे हो चुके हैं। इन पौधों की देखभाल के लिए वे किसी से मेहनताना नहीं लेते। इनमें से कई पौधे आमजन के सहयोग से मिले हैं, जबकि कुछ पौधे जयप्रकाश खुद अलग-अलग जगहों से लाकर लगाते हैं।
पुल निर्माण के कारण पौधों की चिंता
जयप्रकाश को सबसे ज्यादा चिंता उन पौधों की है, जो उन्होंने रेलवे के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर लगाए हैं। रेलवे की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए जाने वाले पुल के निर्माण के दौरान इन पौधों को हटाए जाने की आशंका है। इसी आशंका को देखते हुए जयप्रकाश ने करीब 150 पेड़-पौधों को वहां से निकालकर स्टेशन के बाहर दूसरी जगह लगा दिया है। हालांकि अभी भी करीब 150 पेड़ों को लेकर उन्हें चिंता है कि निर्माण कार्य के दौरान उनका क्या होगा।
2019 से लगातार कर रहे हैं देखभाल
जयप्रकाश वर्ष 2019 से लगातार रेलवे स्टेशन पर पेड़-पौधों की निशुल्क देखभाल कर रहे हैं। रोजाना दो घंटे का समय पौधों को देना अब उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन चुका है। वे कहते हैं कि पेड़ लगाने के साथ उनकी देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है। पौधा लगाकर उसे छोड़ देने से पर्यावरण संरक्षण का उद्देश्य पूरा नहीं होता।
बोले- पेड़ और पक्षियों की सेवा जरूरी
जयप्रकाश ने आमजन से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधों और पक्षियों की सेवा करना जरूरी है। यह काम धर्म और अध्यात्म से भी जुड़ा हुआ है। उनका कहना है कि यदि हर व्यक्ति अपने आसपास एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी ले और उसे पेड़ बनने तक संभाले, तो पर्यावरण को बचाने में बड़ा योगदान दिया जा सकता है।

You might also like