सिंघानिया यूनिवर्सिटी में बनाया एक और सौ बैड का क्वारेंटाइन वार्ड
खेतड़ी,(जयंत खाँखरा)16 मई। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव को लेकर सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रशासन और चिकित्सा विभाग आमजन को सुविधाएं मुहैया करवाने का पूरा प्रयास कर रही है। बाहर से व अन्य राज्यों से आए मजदूरों को स्कूलों में रखकर रहने खाने की व्यवस्था की जा रही है तथा होम आइसोलेशन में रहने की हिदायत भी दी जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों को सिंघानिया यूनिवर्सिटी में बनाए क्वारेंटाइन वार्ड में भर्ती करवाया जा रहा है। लेकिन इन दिनों जब अन्य राज्यों से आने वाले लोगों की संख्या तेजी से बढ़ रही है तो ऐसे में चिकित्सा विभाग ने कमर कस ली है। खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ हरीश यादव ने बताया कि पचेरी के सिंघानिया यूनिवर्सिटी में अब एक और सौ बैड का क्वारेंटाइन वार्ड बनाया जा रहा है। 4 दिन से इसकी कवायद चल रही थी अब शनिवार को इसको अंतिम रूप दिया जा रहा है। वार्ड में बैड, गद्दे, तकिए, खाने-पीने की सभी व्यवस्थाएं की जाएगी। वहीं पर मरीजों के सैंपल लिए जाएंगे पॉजिटिव आने पर मरीज को झुंझुनू के बीडीके अस्पताल में भिजवाया जाएगा इस मौके पर डॉ धीरज कुमार, डॉ अरविंद कुमार सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।