माहेश्वरी सभा द्वारा गौशाला में किया गया पौधारोपण

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न) । नोखा तहसील माहेश्वरी सभा द्वारा अपने कार्यकाल के प्रथम सेवा प्रकल्प के रूप में ग्राम रोड़ा स्थित श्रीकृष्ण वासुदेव गोशाला में जीवदया एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान गोशाला परिसर में पौधारोपण किया गया तथा गोमाता को लापसी की सवामणी का भोग लगाकर जीवदया का संदेश दिया गया। तहसील अध्यक्ष आनन्द कुमार मल ने बताया कि माहेश्वरी समाज द्वारा सेवा, जीवदया एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर रचनात्मक कार्य किए जाएंगे। पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया, वहीं गोमाता को लापसी का भोग लगाकर जीवसेवा के प्रति समाज की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया गया। उन्होंने कहा कि समाजहित में सेवा एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न प्रकल्प आगे भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधारोपण एवं गोसेवा में सहभागिता निभाई। इस अवसर पर तहसील सभा सचिव सूरजमल बजाज ने बताया इस अवसर नोखा तहसील माहेश्वरी सभा व माहेश्वरी शहर सभा व माहेश्वरी युवा संगठन नोखा के पदाधिकारी व सदस्यगण व गोशाला के पदाधिकारी व कालका माता मंदिर के सदस्यगण व अन्य पदाधिकारी एवं समाजबंधु उपस्थित रहे। सभी ने भविष्य में भी ऐसे सेवा प्रकल्पों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

You might also like