नरेगा महिला श्रमिक की मौत
कोरोना वायरस का लिया सैंपल
राजलदेसर,(कुंदन दाधीच)16 मई। ग्राम पंचायत सिमसिया की ओर से नरेगा के तहत मिट्टी खुदाई का काम चल रहा है। गांव सिमसिया बीदावतान की महिला श्रमिक मानकोरी गत दिनों से उक्त काम पर जा रही थी। शनिवार को काम के दौरान वह चक्कर आने से गिर गई। पुत्र परमाराम व सरपंच परमेश्वरलाल उसे तुरंत इलाज के लिए राजलदेसर राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लेकर पहुंचे। चिकित्सा प्रभारी डॉ संजय बुंदेला ने बताया कि ओपीडी में जांच के बाद उसे वार्ड में भर्ती कर रहे थे कि उसकी मौत हो गई। नरेगा श्रमिक महिला की मौत की सूचना स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दी गई। उनके निर्देश पर मृतका का कोरोना वायरस का सैम्पल लिया। डॉ बुंदेला ने बताया कि मृतका के पुत्र, परिजन व सरपंच की लिखित इस रिपोर्ट पर कि यह स्वभाविक मौत है, कोई पुलिस कार्रवाही तथा पोस्टमार्टम नहीं करवाना चाहते है। इस रिपोर्ट पर व अधिकारियों के निर्देशानुसार उन्हें चार पीपीई किट उपलब्ध करवाकर अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों को हिदायत यह दी कि अंतिम संस्कार से पूर्व किसी भी प्रकार की रस्म शव को घर पर ले जाकर ना करें।