छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर एबीवीपी का एमजेडी कॉलेज के आगे प्रदर्शन

सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न) । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (एबीवीपी) तारानगर इकाई द्वारा सोमवार को माँ जालपा देवी राजकीय महाविद्यालय, तारानगर के मुख्य प्रवेश द्वार पर छात्रसंघ चुनाव बहाली सहित उच्च शिक्षा से संबंधित विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रसंघ चुनाव शीघ्र बहाल करने की मांग उठाई। इसके उपरांत माननीय उच्च शिक्षा मंत्री श्री प्रेमचंद बैरवा के नाम प्राचार्य महोदय के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में छात्रसंघ चुनावों की शीघ्र बहाली, सभी राज्य विश्वविद्यालयों में समान अकादमिक कैलेंडर लागू करने, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप समयबद्ध प्रवेश, शिक्षण, परीक्षा एवं परिणाम सुनिश्चित करने, विश्वविद्यालयों में रिक्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक पदों पर शीघ्र नियुक्तियाँ करने, समस्त राजकीय महाविद्यालयों में नियमित प्राचार्यों की नियुक्ति तथा सभी विश्वविद्यालयों में राजस्थानी भाषा के स्वतंत्र विभाग स्थापित कर विषय विशेषज्ञों की नियुक्ति की मांग की गई।
जिला संयोजक नरेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व और लोकतांत्रिक मूल्यों के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं, इसलिए इन्हें शीघ्र बहाल किया जाना चाहिए।
भाग संयोजक विश्वेन्द्र भलेरी ने कहा कि प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में समान अकादमिक कैलेंडर लागू कर प्रवेश, शिक्षण, परीक्षाओं एवं परिणामों को समयबद्ध बनाया जाए तथा रिक्त पदों पर पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से नियुक्तियाँ की जाएँ।
इकाई अध्यक्ष नरसी मेघवाल ने कहा कि यदि सरकार विद्यार्थियों की इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् छात्रहित में चरणबद्ध एवं उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
इस अवसर पर नगर सहमंत्री आनंद जांगिड़, नगर SFD सहसंयोजक, इकाई सचिव राहुल जोइया, इकाई उपाध्यक्ष अश्विनी शर्मा, रौनक आचार्य, अंकित सिंह, योगेश स्वामी एवं इरफान खान सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

You might also like