समरसता संकल्प कलश वंदन यात्रा पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न) । संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के पावन अवसर पर आयोजित समरसता संकल्प अभियान एवं कलश वंदन यात्रा सोमवार को साहवा से गाड़ियों के काफिले के साथ तारानगर पहुँची। यात्रा के तारानगर पहुंचने पर संत-महात्माओं के सानिध्य में भाजपा कार्यकर्ताओं व लोगों यात्रा का भव्य स्वागत किया एवं संत रविदास महाराज के आदर्शों को अपनाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर तारानगर के वर्षा कंदोई गेस्ट हाउस में महंत कृष्णगिरी व महंत गंगानाथ की अध्यक्षता में स्वागत सभा का आयोजन हुआ। सभा में अतिथियों ने संतों का सम्मान कर उनका आशीर्वाद लिया। सभा में अभियान के लोकसभा प्रभारी भाजपा नेता राकेश जांगिड़ ने कहा कि समरसता संकल्प अभियान एवं कलश वंदन यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने, आपसी भाईचारे को मजबूत करने और संतों के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का व्यापक सामाजिक अभियान है। राकेश जांगिड ने संत-महात्माओं के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा कि संतों का सानिध्य और आशीर्वाद समाज को सदैव सही दिशा प्रदान करता है। संतों का सम्मान केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और संस्कारों के प्रति सम्मान है। उन्होंने यात्रा के तारानगर पहुँचने पर संत-महात्माओं, मातृशक्ति, युवाओं, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में उपस्थित क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। लोकसभा प्रभारी डॉ. वासुदेव चावला ने कहा “संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज का जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानवता की प्रेरणा देता है। समरसता संकल्प कलश वंदन यात्रा समाज के प्रत्येक वर्ग को एक सूत्र में जोड़ने का पवित्र अभियान है। हमें संतों के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए भेदभाव से मुक्त, समरस और सशक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। भाजपा जिला महामंत्री पराक्रम सिंह राठौड़ ने कहा “समरसता हमारी सनातन संस्कृति की मूल भावना है। संतों ने सदैव समाज को जोड़ने और भाईचारे का संदेश दिया है। यह यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सद्भाव का प्रतीक है। तारानगर में जिस आत्मीयता और उत्साह के साथ संत-महात्माओं एवं आमजन ने यात्रा का स्वागत किया, वह सामाजिक समरसता की मजबूत भावना को दर्शाता है। राठौड़ ने कहा कि गुरु रविदास जी महाराज के विचार समाज को एकता, समानता और मानवता के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं तथा इन विचारों को प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। सभा में भाजपा नेता रतन राठौड़, चन्द्राराम गुरी, नरेश सहारण, अजीतसिंह राठौड़, अनूप खंडेलवाल, लीलाधर बागोरिया, विशाल शर्मा, सुशील सरावगी, दोलतगिरी गोस्वामी, गुलाब सोलंकी, राकेश टाक, त्रिलोक रैगर, हीरालाल सैनी, सुरेश मित्तल सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, संत-महात्मा तथा लोग मौजूद थे। संचालन राजेन्द्र जोइया ने किया। सभा में सभी ने सामाजिक समरसता, समानता, भाईचारे एवं सामाजिक एकता को मजबूत करने का सामूहिक संकल्प लिया।