अस्पताल में आऊटडोर मरीजों का बढ़ने लगा आंकड़ा

अबूबकर वलखि
लाडनूं (नवयत्न) । राजकीय उप जिला चिकित्सालय में इन दिनों बढ़ते आउटडोर एवं सीमित पर्ची काउंटर के चलते मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। बारिश और मौसमी बीमारियों के कारण अस्पताल में प्रतिदिन 1200 से लेकर 1300 से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं, लेकिन मरीजों की संख्या के मुकाबले पर्ची काउंटर पर्याप्त नहीं होने से उन्हें पर्ची बनवाने के लिए घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ रहा है। अस्पताल में वर्तमान में महिला और पुरुष मरीजों के लिए एक-एक पर्ची काउंटर व एक ऑनलाइन काउंटर संचालित है। मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या के चलते काउंटर पर लंबी कतारें लग रही हैं। खासकर बीमार बुजुर्ग मरीजों को लंबी लाइन में खड़े रहने में खासा परेशानी झेलनी पड़ती है।
मौसमी बीमारियों के चलते बढ़ा मरीजों का आंकड़ा:
बारिश के मौसम में वायरल फीवर, सर्दी-जुकाम, खांसी, पेट संबंधी बीमारियों सहित अन्य मौसमी रोगों के मरीजों की संख्या बढ़ने से अस्पताल के आउटडोर पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है। ऐसे में पर्ची काउंटर पर लगने वाली लंबी कतार मरीजों के लिए परेशानी का कारण बन रही है।
दो अतिरिक्त काउंटर शुरू करने की मांग:
मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि अस्पताल में महिला और पुरुष मरीजों के लिए दो-दो पर्ची काउंटर किए जाएं, वहीं वृद्ध एवं असहाय लोगों के लिए एक काउंटर अतिरिक्त लगाया जाए। ताकि बढ़ते आउटडोर के अनुसार बुजुर्ग मरीजों को भी राहत मिल सके।

You might also like