दीया कुमारी ने गजराज को पहनाया पार्टी का दुपट्टा, किसानों के मुद्दों को लेकर हुई चर्चा

अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। भाजपा किसान मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश प्रवक्ता सतीश गजराज ने उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी से शिष्टाचार मुलाकात की। गजराज ने नई जिम्मेदारी मिलने पर उप मुख्यमंत्री का आभार जताया और पार्टी संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा की। मुलाकात के दौरान उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने सतीश गजराज को पार्टी का दुपट्टा पहनाकर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता के रूप में किसानों की समस्याओं और जरूरतों को प्रमुखता से उठाने का काम करें। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने का प्रयास करें, ताकि पात्र किसानों को योजनाओं का लाभ मिल सके। दीया कुमारी ने कहा कि सरकार की योजनाओं की जानकारी गांव और खेत तक पहुंचाना जरूरी है। किसान मोर्चा के कार्यकर्ता किसानों से लगातार संपर्क में रहें और उनकी समस्याओं को संगठन और सरकार तक पहुंचाने का काम करें। उन्होंने आगामी नगर निकाय और पंचायतराज चुनावों में भी पार्टी को मजबूत करने और अधिक से अधिक सीटों पर जीत के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
सडक़ स्वीकृति के लिए जताया आभार
मुलाकात के दौरान सतीश गजराज ने सूरजगढ़ विधानसभा क्षेत्र सहित झुंझुनूं जिले में करीब 80 करोड़ रुपए की लागत से 315 किलोमीटर सडक़ों की स्वीकृति प्रदान करने के लिए उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इन सडक़ों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन बेहतर होगा और लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। गजराज ने कहा कि नई जिम्मेदारी के तहत किसानों से जुड़े मुद्दों को सरकार और संगठन के सामने मजबूती से रखने के साथ-साथ केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने के लिए काम किया जाएगा।

You might also like