हाथों में तिरंगा, जुबां पर जय हिंद… 8 किमी तक बाइक रैली

अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। शहर में सोमवार को हर घर तिरंगा अभियान के तहत देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। जिला प्रशासन की ओर से नगर परिषद से निकली बाइक तिरंगा रैली में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर बाइक सवार शहर के मुख्य मार्गों से गुजरे तो पूरा शहर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। करीब 8 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद रैली वापस नगर परिषद पहुंची। रैली को विधायक राजेंद्र भांबू, उपखंड अधिकारी रामकरण सिंह एवं नगर परिषद आयुक्त राकेश ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी, सफाईकर्मी, शहरवासी और भाजपा कार्यकर्ता बाइक रैली में शामिल हुए। रैली के दौरान लोगों में तिरंगे को लेकर खास उत्साह नजर आया। विधायक भांबू ने कहा कि तिरंगा केवल देश का झंडा नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। हर नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के साथ देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। नगर परिषद आयुक्त राकेश रंगा ने कहा कि हर नागरिक के मन में देश के प्रति गर्व और सम्मान का भाव होना चाहिए। हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य लोगों को राष्ट्रभक्ति से जोडऩा और स्वतंत्रता दिवस के उत्सव में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करना है।
हस्ताक्षर कर अभियान का आगाज, लोगों ने लिया संकल्प
हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत विधायक राजेंद्र भांबू ने संकल्प पोस्टर पर हस्ताक्षर करके की। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और अभियान में भागीदारी निभाने की अपील की। नगर परिषद परिसर में बनाए गए सेल्फी प्वाइंट पर विधायक ने सेल्फी भी ली। अभियान के पहले ही दिन सैकड़ों लोगों ने अपने घरों पर तिरंगा फहराने का संकल्प लिया। रैली के दौरान लोगों ने भारत माता के जयकारे और देशभक्ति के नारे लगाए। शहर के प्रमुख मार्गों पर तिरंगों के साथ निकली बाइक रैली आकर्षण का केंद्र रही।

You might also like