अपहरण-मारपीट के मामले में पांच माह से फरार पांच हजार का इनामी गिरफ्तार

निसं
जयपुर (नवयत्न) । महेश नगर थाना पुलिस ने वांछित एवं इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपहरण, मारपीट और रंगदारी सहित गंभीर धाराओं में दर्ज मामले में करीब पांच माह से फरार चल रहे पांच हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी घटना के बाद से लगातार अपनी पहचान छिपाकर अलग-अलग स्थानों पर फरारी काट रहा था।
पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि महेश नगर थाने में 7 मार्च 2026 को दर्ज प्रकरण संख्या 121/2026 में अजय कुमार (25) पुत्र अमीचंद, निवासी सरकारी अस्पताल के पास, भाभरू, जिला कोटपूतली-बहरोड़ वांछित था। आरोपी की गिरफ्तारी पर डीसीपी दक्षिण की ओर से पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए महेश नगर थानाधिकारी मदन लाल कड़वासरा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में एसआई भगवान सहाय, हेड कांस्टेबल भीमसिंह, हेड कांस्टेबल विजय सिंह और कांस्टेबल अंकित कुमार को शामिल किया गया।
पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों और आसूचना तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार निगरानी और सूचनाओं के आधार पर टीम ने 10 अगस्त 2026 को अजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से मामले में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस आरोपी से वारदात में उसकी भूमिका और अन्य संभावित मामलों के संबंध में पूछताछ कर रही है। कार्रवाई में हेड कांस्टेबल भीमसिंह की विशेष भूमिका रही।

You might also like