23 अगस्त को होगा कामगार समाज का प्रतिभा सम्मान एवं सामाजिक चिंतन शिविर

ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) ।   कामगार समाज राजलदेसर की ओर से 23 अगस्त, रविवार को माली-सैनी अतिथि भवन में तहसील स्तरीय सामाजिक चिंतन शिविर एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में कामगार समाज के विद्वान सामाजिक विषयों पर विचार व्यक्त करेंगे तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा।कामगार समाज के अध्यक्ष जयचंद महावर ने बताया कि समारोह में राजकीय सेवा में नव नियुक्त समाज के युवाओं के साथ विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राजलदेसर तहसील के समस्त ग्रामों एवं शहरी क्षेत्र में निवास करने वाले कामगार समाज के मूल ओबीसी, एससी एवं एसटी वर्ग के विद्यार्थी सम्मान के लिए पात्र होंगे। उन्होंने बताया कि कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 80 प्रतिशत या इससे अधिक, स्नातक स्तर पर 75 प्रतिशत या इससे अधिक तथा अधिस्नातक स्तर पर 70 प्रतिशत या इससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जाएगा। सम्मान के लिए दिसंबर 2025 से जुलाई 2026 तक घोषित परीक्षा परिणाम मान्य होंगे। 20 अगस्त तक जमा करवानी होगी अंकतालिका लालचंद प्रजापति ने बताया कि सम्मान के लिए पात्र प्रतिभाओं को अपनी अंकतालिका की फोटो प्रति जमा करवानी होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अंकतालिका की प्रति व्हाट्सएप के माध्यम से स्वीकार नहीं की जाएगी। अंकतालिका निर्धारित स्थानों पर ही जमा करवानी होगी।
अंकतालिका महावर ट्रेडिंग कंपनी, हाईस्कूल के सामने, राजलदेसर (मोबाइल 8290198451) तथा गायत्री लाइब्रेरी, बाइपास, राजलदेसर (मोबाइल 9252256267) पर जमा करवाई जा सकती है। अंकतालिका जमा करवाने की अंतिम तिथि 20 अगस्त निर्धारित की गई है। इसके बाद किसी भी प्रतिभागी की अंकतालिका स्वीकार नहीं की जाएगी। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम में आने वाले प्रतिभागियों एवं अतिथियों के लिए भोजन-प्रसाद की व्यवस्था रहेगी। छात्र-छात्राओं के आने-जाने के लिए निशुल्क बस सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी ।

You might also like