अंग्रेजी वाद-विवाद में एसएस मोदी की तनुश्री जालान ने हासिल किया दूसरा स्थान
सुरेंद्र शर्मा
झुंझुनूं (नवयत्न)। शहर के गौरव पथ स्थित एसएस मोदी विद्या विहार की छात्रा तनुश्री जालान पुत्री मुकेश जालान ने अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। डूंडलोद विद्यापीठ में आयोजित 11वीं अखिल भारतीय अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता में देश के कई राज्यों से आए विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। अंतरविद्यालयी प्रतियोगिता में 34 टीमों के 68 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का विषय था- ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इज समहाउ डिमिनिशिंग द वैल्यू ऑफ ह्यूमन इनोवेशन एंड क्रिएटिविटी’। तनुश्री ने विषय के पक्ष में अपने विचार प्रभावी ढंग से रखे और अन्य प्रतिभागियों को कड़ी टक्कर देते हुए व्यक्तिगत स्पर्धा में दूसरा स्थान हासिल किया। राजस्थान विश्वविद्यालय के डॉ. मोहित जीनगर, डॉ. तरुण जोनवाल और डॉ. ओमप्रकाश सिरवी ने निर्णायक की भूमिका निभाई। तनुश्री को पुरस्कार स्वरूप 15,100 रुपए नकद, ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र दिया गया।
प्रार्थना सभा में किया सम्मान
तनुश्री की सफलता पर स्कूल के प्राचार्य विजय मसीह ने प्रार्थना सभा में उसका सम्मान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को ऐसी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढक़र हिस्सा लेना चाहिए। इससे उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। विद्यालय के शिक्षकों ने भी तनुश्री को शुभकामनाएं देते हुए उसकी उपलब्धि को स्कूल के लिए गर्व की बात बताया। मुंबई प्रवासी ट्रस्टी शशिकांत मोदी, गिलूराम मोदी, सौरभ मोदी, प्रियंक मोदी, कनिका मोदी, विद्यालय समन्वयक मनीष अग्रवाल और अकादमिक निदेशक रॉय सी. पॉल ने भी तनुश्री को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं।