अवैध हथियारों के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

निसं
जयपुर (नवयत्न) । जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आग के तहत हरमाड़ा और मानसरोवर थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई कर दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, एक 12 बोर बंदूक, एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) संजीव नैन के नेतृत्व में सीएसटी ने अवैध हथियार रखने और उनकी तस्करी करने वालों के खिलाफ आसूचना जुटाकर कार्रवाई की। जहां पहली कार्रवाई में सीएसटी की सूचना पर हरमाड़ा थाना पुलिस ने माचड़ा मोड़, न्यू लोहा मंडी रोड स्थित भारत पेट्रोल पंप के सामने खड़े संदिग्ध युवक की तलाशी ली। उसके पास से एक पिस्टल, एक 12 बोर बंदूक और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी जगदीश नायक उर्फ जेडी (24) निवासी प्रागपुरा जिला कोटपूतली-बहरोड़ को गिरफ्तार किया। वहीं दूसरी कार्रवाई सीएसटी और मानसरोवर थाना पुलिस ने न्यू आतिश मार्केट में की। यहां चाय की दुकान चलाने वाले संदिग्ध युवक की जांच की गई। तलाशी में उसके कब्जे से एक पिस्टल और एक देशी कट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी मितेश मुखिया (22) निवासी बाजपट्टी जिला सीतामढ़ी, बिहार हाल मानसरोवर जयपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस दोनों आरोपियों से हथियारों की खरीद-फरोख्त, सप्लाई नेटवर्क और उनके संपर्कों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

You might also like