7.15 ग्राम स्मैक के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार
निसं
जयपुर (नवयत्न) । जयपुर शहर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान और ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत खोह नागोरियान थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने लुणियावास क्षेत्र में आकस्मिक सर्च कार्रवाई के दौरान एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 7.15 ग्राम अवैध स्मैक, नशा बिक्री की राशि 640 नकद और तस्करी में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर बाइक जब्त की है।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि खोह नागोरियान थानाधिकारी प्रकाश बिश्नोई मय टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
थानाधिकारी प्रकाश बिश्नोई ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिम्मत राम मीणा (28) निवासी बनेठा जिला टोंक के रूप में हुई है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से स्मैक की खरीद-फरोख्त (सप्लाई सोर्स) के संबंध में पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है।