आचार्य श्री महाश्रमण से डॉ. आलम अली ने लिया आशीर्वाद
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । तेरापंथ धर्मसंघ के अनुशास्ता आचार्य श्री महाश्रमण का तेरापंथ राजधानी लाडनूं स्थित जैन विश्व भारती में प्रवास निरंतर परवान पर है। प्रवास के दौरान शुक्रवार को जैन विश्व भारती के आजीवन सदस्य एवं नूर फाउंडेशन के ट्रस्टी डॉ. आलम अली एडवोकेट सुप्रीम कोर्ट दिल्ली ने लाडनूं पहुंचकर आचार्य श्री महाश्रमण के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस दौरान आलम अली ने आचार्य श्री से विभिन्न सामाजिक एवं आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा की। उन्होंने जैन विश्व भारती द्वारा संचालित गतिविधियों तथा समाज में शांति, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने वाले प्रयासों के प्रति अपनी रुचि व्यक्त की।
आचार्य श्री के दर्शन के पश्चात एडवोकेट आलम ने युवा आचार्य महावीर मुनि से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रेक्षाध्यान के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। प्रेक्षाध्यान की पद्धति, इसके उद्देश्य तथा मानसिक एकाग्रता एवं आत्मिक शांति की दिशा में इसकी भूमिका को लेकर चर्चा हुई।
एडवोकेट आलम अली ने कहा कि आचार्य श्री महाश्रमण का सान्निध्य एवं मार्गदर्शन समाज में सकारात्मक सोच, संयम और सद्भाव की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि विभिन्न धर्मों और समुदायों के बीच आपसी संवाद एवं सद्भाव को मजबूत करने की दिशा में ऐसे आध्यात्मिक संपर्क महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। लाडनूं में संतों का प्रवास क्षेत्र के लिये गौरव का विषय है। इस अवसर पर जैन विश्व भारती से जुड़े पदाधिकारी एवं अन्य श्रद्धालु भी मौजूद रहे।