प्रशासक लगने के बाद भाजपा नेताओं ने जमकर मलाई खाई : गोदारा
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । राजलदेसर के माली सैनी समाज भवन में आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित हुई। बैठक में रतनगढ़ विधायक पूसाराम गोदारा ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव की तैयारियों में जुटने और नगर पालिका में फिर से कांग्रेस का बोर्ड बनाने की बात कही । बैठक को संबोधित करते हुए विधायक पूसाराम गोदारा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जब से राजलदेसर नगर पालिका में प्रशासक लगा है, तब से भाजपा नेताओं ने जमकर मलाई खाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न विभागों में सत्ता के दलाल सक्रिय हैं और दलाली करने से नहीं चूकते।
गोदारा ने पूर्व विधायक पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनके ऊपर लगाए जा रहे आरोपों का जवाब जनता खुद जानती है। उन्होंने कहा कि विधायक कोटे से राजलदेसर में एक करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक स्वयं कहा करते थे कि सरकार किसी भी पार्टी की हो, लेकिन विधायक की अनुशंसा पर विकास कार्य करवाए जाते हैं। राजकीय महाविद्यालय को लेकर गोदारा ने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक के कार्यकाल में छात्रसंघ कार्यालय के उद्घाटन के दौरान महाविद्यालय में फर्नीचर उपलब्ध करवाने की घोषणा की गई थी, लेकिन एक टेबल तक उपलब्ध नहीं करवाई गई। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक जहां भी जाते थे, वहां घोषणाएं करते थे, लेकिन धरातल पर काम नजर नहीं आया।
बारिश और जल निकासी के मुद्दे पर बोले गोदारा
गोदारा ने कहा कि बारिश के दौरान वे स्वयं कई बार राजलदेसर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते रहे हैं। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी से 75 एचपी का पंप जल्द लगाने के लिए कहा था। अधिकारी ने सात दिन का समय दिया और इसके बाद पंपसेट लगा दिया गया। उन्होंने कहा कि पंपसेट का बटन दबाने का काम किसी नेता का नहीं, बल्कि संबंधित कर्मचारियों का होता है। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और आगामी चुनाव में जनता अपना फैसला करेगी।
फर्जी हस्ताक्षर से भुगतान के आरोप की जांच की मांग
नगर पालिका की निवर्तमान पालिकाध्यक्ष गंगा देवी के कथित फर्जी हस्ताक्षर से करोड़ों रुपए का भुगतान उठाए जाने का आरोप लगाते हुए गोदारा ने कहा कि इस संबंध में स्वयं पालिकाध्यक्ष ने जिला कलेक्टर को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच पूर्व विधायक को करवानी चाहिए। गोदारा ने कांग्रेस शासनकाल के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि तहसील कार्यालय, उप तहसील कार्यालय, राजकीय महाविद्यालय, नगर पालिका भवन के लिए भूमि आवंटन तथा पानी निकासी के लिए भूमि आवंटन सहित कई महत्वपूर्ण कार्य कांग्रेस शासन में हुए हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले नगर पालिका चुनाव में जनता कांग्रेस को फिर से मौका देगी। गोदारा ने दावा किया कि रतनगढ़, राजलदेसर और छापर में कांग्रेस के बोर्ड बनेंगे तथा रतनगढ़ में प्रधान भी कांग्रेस का बनेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से जनता परेशान हो चुकी है और आगामी नगर पालिका एवं पंचायत चुनाव बदलाव की शुरुआत साबित होंगे। बैठक में पूर्व पालिका अध्यक्ष हंसराज पारीक, नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष ओमप्रकाश कटारिया, पूर्व पालिका उपाध्यक्ष चंद्र प्रकाश घिंटाला सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर कांग्रेस मण्डल अध्यक्ष जब्बार खोखर मोहनलाल मेघवाल, भागीरथ रेगर, खेमचंद बरडिया, गोविंद कठोड़, सुशील घोषल, इदरीश खत्री, नवाब निर्माण, अशफाक बगड़, शरीफ छींपा, विनोद सैनी, पवन पांडे, भवानी कच्छावा, दीनदयाल खटीक, गजानंद खटीक, भानीराम मेघवाल, मिर्जाराम बारूपाल, ताराचंद वाल्मीकि, पूर्व सरपंच मनफूल टांडी, अमजद, छतर सिंह बैंद, दौलतराम जाट सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।