वार्ड 23 में एससी वोटों को लेकर आपत्ति, सत्यापन की मांग
निसं
झुंझुनूं (नवयत्न) । झुंझुनूं नगर परिषद के वार्ड नंबर 23 के लोगों ने शुक्रवार को उपखंड अधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी राम करण सिंह को ज्ञापन सौंपा। वार्डवासियों ने बताया कि परिसीमन के बाद वार्ड में एससी समाज का एक भी वोट नहीं है। इसके बावजूद वार्ड के वर्गीकरण में एससी समाज के 24.9 प्रतिशत वोट बताए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि संभव है कि गलती से किसी दूसरे क्षेत्र या ब्लॉक को वार्ड में जोड़ दिया गया हो। वार्डवासियों ने मांग की कि वार्डों की लॉटरी से पहले मतदाता सूची और वार्ड की सीमा का सत्यापन कराया जाए, ताकि सही स्थिति सामने आ सके। लोगों ने कहा कि यदि उनकी शिकायत पर सत्यापन नहीं कराया गया तो वे निकाय चुनाव के बहिष्कार का फैसला लेने के लिए मजबूर होंगे। ज्ञापन देने वालों में अनीस फारूकी, शाकिर चायल, सज्जाद कछावा, छात्र नेता सालिम खानजादा, इमरान कुरैशी, इकराम कुरैशी सहित कई वार्डवासी मौजूद रहे।