देश में जब-जब संकट आया संत समाज सहयोग के लिए मजबूती से खड़ा मिला-सांसद नरेंद्र कुमार

कोरोना योद्धाओं का सम्मान

मुकुंदगढ़,(अश्वनी शर्मा)17 मई। कस्बे के श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर आश्रम समिति की ओर से लॉक डाउन में पिछले 50 दिन से चल रही रसोई का विधिवत रूप से रविवार को समापन हुआ। इस अवसर पर श्री श्रद्धा नाथजी मेमोरियल ट्रस्ट के तत्वाधान में श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर आश्रम समिति के अध्यक्ष योगी चेतन नाथ महाराज के सानिध्य में श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कोरोना योद्धाओं का सम्मान भी किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झुंझुनू सांसद नरेंद्र कुमार खीचड़ थे। विशिष्ट अतिथि मुकुंदगढ़ थानाधिकारी रामस्वरूप बराला, नवलगढ़ तहसीलदार कपिल उपाध्याय, समाजसेवी कैलाश चोटिया, विजेंद्र सिंह डोटासरा पबाना सरपंच, उपेंद्र मिश्रा, गोकुल आश्रम मंडावा के महंत शीतलदास महाराज, अभय नाथ महाराज, योगी मोहननाथ महाराज थे।

कार्यक्रम में मुकुंदगढ़ नगरपालिका के 13 सफाई कर्मचारियों का जमादार रवि करण के नेतृत्व में शॉल ओढ़ाकर एवं उनको मास्क सैनिटाइजर भेंटकर अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों का भी कोरोना योद्धाओं के रूप में सेवा देने पर सम्मान किया गया। इसके अलावा कार्यक्रम में पत्रकार कुलदीप सांखला, जितेंद्र सिंह, चंद्रकांत बंका, मंडावा से रघुवीर जोशी, किशोर सिंह जाटू का भी शॉल ओढ़ाकर एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर अतिथियों ने सम्मान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद नरेंद्र कुमार ने कहा कि देश में जब-जब संकट आया है तब-तब संतों ने एकजुट होकर अपना सहयोग देते हुए एक नई मिसाल रखी तथा वर्तमान में कोरोना महामारी के दौरान भी संत समाज आमजन के साथ जरूरतमंदों के सहयोग के लिए आगे आकर दिन-रात सेवा में जुटे हैं। वहीं मुकुंदगढ़ कस्बे में श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर आश्रम समिति ने पिछले 50 दिनों से खाना बनाकर जरूरतमंदों तक पहुंचाया जो काबिले तारीफ है तथा योगी चेतन नाथ महाराज के सानिध्य में यह कार्य किया गया जो असली सम्मान के हकदार है।

नवलगढ़ एसडीएम मुरारीलाल शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि समिति की ओर से जो सेवा भाव से कार्य किया गया है वह एक सच्ची समाज सेवा है। इस समिति ने जरूरतमंदों के लिए रोजाना 500 भोजन के पैकेटों का वितरण किया जिससे गरीब, बेसहारा लोगों को संबल मिला इस कार्य में प्रशासन ने भी अपना पूरा सहयोग किया।

श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर आश्रम समिति के अध्यक्ष योगी चेतन नाथ महाराज ने कहा की भोजन पैकेट वितरण का जो कार्य प्रशासन के सहयोग से जरूरतमंदों तक हमने पहुंचाने का कार्य किया तथा एक बार इसको विराम दिया जा रहा है हालांकि जरूरत पड़ी तो फिर से उक्त कार्य को शुरू किया जाएगा।

इस दौरान राजाराम सुरोलिया, राजेंद्र भोड़कीवाला , पवन पुजारी भीमसर, कृष्ण चौहान श्रद्धा नाथ कॉलेज गुढ़ा, देवी दयाल जांगिड़, बहादुर सिंह, रामकरण डांगी, चतर सिंह, रजनीकांत, सुरेंद्र सेन, पवन योगी, सुनील झाझड़िया महेन्द्र दादरवाल, हनुमान, दीपक स्वामी सहित कस्बे के गणमान्य लोग मौजूद थे। संचालन योगी मोहननाथ महाराज ने किया।

 

You might also like