ढाणी कुम्हारान विद्यालय में हर्षोल्लास से मनाया स्वतंत्रता दिवस
निसं
बीदासर (नवयत्न)। निकटवर्ती ग्राम ढाणी कुम्हारान स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुभाषराम प्रजापत तथा विशिष्ट अतिथि रामकरण प्रजापत, तुलछाराम छापोला एवं जगदीश छापोला रहे। समारोह में अतिथियों का विद्यालय परिवार की ओर से माला एवं साफा पहनाकर स्वागत-सम्मान किया गया। इसके बाद ध्वजारोहण कर विद्यार्थियों एवं उपस्थित ग्रामीणों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। इस अवसर पर समाजसेवी रामकरण प्रजापत ने करीब एक लाख रुपये की लागत से निर्मित टीनशेड विद्यालय को भेंट किया। उनके इस सहयोग के लिए विद्यालय परिवार ने आभार व्यक्त किया। वहीं ढाणी कुम्हारान के ऐसे विद्यार्थी जिन्होंने बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, उन्हें चांदी के मेडल एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न राजकीय सेवाओं में चयनित गांव के 32 युवाओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर तथा तिरंगा दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सरपंच हंसराज एवं तुलछाराम छापोला की ओर से विद्यालय परिवार को रैंक भेंट की गई। समाजसेवी गोकुल चंद भोभरिया ने विद्यालय के लिए प्रिंटर भेंट किया। विद्यालय को सहयोग प्रदान करने वाले भामाशाहों एवं समाजसेवियों के प्रति आभार जताते हुए प्रधानाचार्य सीमा सुन्डा ने उन्हें प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह के दौरान वक्ताओं ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व, देश के स्वतंत्रता संग्राम तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता अजय शर्मा ने किया। समारोह के समापन पर विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों, भामाशाहों, ग्रामीणों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया।