युवाओं ने विभिन्न मांगों को लेकर सौंपा विधायक को ज्ञापन
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। खेतड़ी में एसएफआई जिला कमेटी की ओर से छात्रहित से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम विधायक इंजी. धर्मपाल गुर्जर को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान युवाओं ने प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव पुन: बहाल करने सहित कॉलेजों में विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई। एसएफआई के दिनेश कुमार बबेरवाल ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं को लोकतांत्रिक तरीके से उठाने का अवसर प्रदान करते हैं। चुनाव बंद होने से विद्यार्थियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाने में परेशानी हो रही है। संगठन ने छात्रसंघ चुनाव दोबारा शुरू करवाने की मांग प्रमुखता से रखी। ज्ञापन में स्वामी विवेकानंद राजकीय कालेज में विद्यार्थियों से संबंधित कई समस्याओं का समाधान करवाने की मांग की गई। इसमें सेमेस्टर फीस कम करने, सेमेस्टर की वार्षिक शैक्षणिक प्रक्रिया को सुचारु करने, कॉलेज में विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा एनसीसी की इकाई स्वीकृत करवाने की मांग शामिल है। इसके अलावा खेल मैदान में खेल सामग्री उपलब्ध करवाने और मैदान की समस्याओं का समाधान करवाने, राजकीय कॉलेज में केंद्रीय पुस्तकालय का निर्माण करवाने तथा विद्यार्थियों के लिए आवश्यक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की गई। संगठन ने महाविद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया। एसएफआई पदाधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर वातावरण मिलना जरूरी है। कॉलेज में सुविधाओं का विस्तार होने से स्थानीय विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा और उन्हें शिक्षा के लिए अन्य स्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इस दौरान मांगों पर शीघ्र कार्रवाई कर विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान करवाने का आग्रह किया गया। इस मौके पर एसएफआई जिला अध्यक्ष विष्णु नायक, रिंकेश, दीपक कटारिया, अमन सैनी बनवास, आदित्य कोटिया, हिमांशु सैनी, दिनेश बबेरवाल आदि मौजूद थे।