नगरपालिका चुनाव 9 सितंबर को, 14 को मतगणना, 21 सितंबर को होगा अध्यक्ष का चुनाव
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। नोखा नगरपालिका के चुनाव को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। नगरपालिका चुनाव के लिए 9 सितंबर को मतदान होगा जबकि 14 सितंबर को मतगणना करवाई जाएगी। इसके बाद 21 सितंबर को नगरपालिका अध्यक्ष के चुनाव के लिए मतदान होगा। इस बार नोखा नगरपालिका अध्यक्ष का पद ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित रहेगा। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही नोखा में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। संभावित उम्मीदवारों ने अपनी-अपनी दावेदारी मजबूत करने के लिए वार्डों में संपर्क शुरू कर दिया है। प्रमुख राजनीतिक दलों और स्थानीय राजनीतिक संगठनों में भी टिकट को लेकर बैठकों और रणनीति बनाने का दौर शुरू हो गया है। नोखा नगरपालिका चुनाव में इस बार मुख्य मुकाबला भाजपा और विकास मंच के बीच होने की संभावना जताई जा रही है। दोनों ही पक्ष चुनावी तैयारियों में जुट गए हैं और अपने समर्थकों के साथ वार्ड स्तर पर जनसंपर्क बढ़ा रहे हैं। वहीं, कांग्रेस और आरएलपी भी अपने उम्मीदवार मैदान में उतार सकती हैं, जिससे चुनावी मुकाबला बहुकोणीय होने की संभावना है। ओबीसी वर्ग के लिए अध्यक्ष पद आरक्षित होने के कारण इस वर्ग से जुड़े संभावित दावेदारों में भी उत्साह दिखाई दे रहा है। अब सभी राजनीतिक दलों और दावेदारों की नजर 9 सितंबर के मतदान और 14 सितंबर के परिणाम पर रहेगी। इसके बाद पार्षदों के समीकरण के आधार पर 21 सितंबर को नगरपालिका के नए अध्यक्ष का फैसला होगा। चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ नोखा की राजनीतिक सरगर्मियां और तेज होने की उम्मीद है।