कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा शिकायतों का समय पर निस्तारण करें, खाद की कमी नहीं हो और स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा पर दें ध्यान
अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक ली। उन्होंने विभिन्न विभागों की योजनाओं, लंबित कार्यों और आगामी गतिविधियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को काम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का नियमित और समयबद्ध निस्तारण करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए। कृषि विभाग के अधिकारियों को जिले में खाद और उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने को कहा। शिक्षा विभाग के अधिकारियों को मानसून के दौरान विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्कूलों में आवश्यक एहतियाती उपाय सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में आगामी नगर निकाय चुनावों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन से जुड़े सभी आवश्यक इंतजाम समय पर पूरे करने के निर्देश दिए गए।
पौधरोपण और लंबित कामों पर फोकस
हरियालो राजस्थान अभियान के तहत निर्धारित पौधरोपण लक्ष्य को समय पर पूरा करने और लगाए गए पौधों की जियो टैगिंग जल्द कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में कर्मभूमि से मातृभूमि, पंच गौरव तथा ग्रामीण-शहरी सेवा शिविरों की प्रगति की भी समीक्षा हुई।
ये रहे बैठक में मौजूद
बैठक में एडीएम अजय कुमार आर्य, एसीईओ परशुराम धानका, सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर, जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता राजपाल सिंह, पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता हजारी राम, एसीईओ रामनिवास, नगर परिषद आयुक्त राकेश, प्रशासनिक सुधार विभाग की सहायक निदेशक शिवा चौधरी, महिला एवं बाल विकास के उपनिदेशक बृजेंद्र राठौड़, जिला रसद अधिकारी संदीप गौड़, उद्यान विभाग के उपनिदेशक डॉ विजयपाल कस्वा, कोषाधिकारी प्रेरणा कालेर, डीईओ माध्यमिक राजेंद्र, डीईओ प्रारंभिक संतोष सोहू सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।