महिला स्वास्थ्य एवं आत्मरक्षा पर छात्राओं को किया जागरूक

निसं
बीदासर (नवयत्न)। कस्बे के नोखा रोड स्थित सांवरमल सुशीला देवी सुथार राजकीय महाविद्यालय में महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में महिला स्वास्थ्य एवं महिला आत्मरक्षा विषय पर व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ देवी प्रसाद ने की। उन्होंने महिलाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। महिला प्रकोष्ठ प्रभारी रितु कुंवर ने आत्मरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को सजग, आत्मविश्वासी एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक महिला को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहना चाहिए तथा विपरीत परिस्थितियों में घबराने के बजाय साहस और आत्मविश्वास के साथ उनका सामना करना चाहिए। नेहा शर्मा ने महिला स्वास्थ्य विषय पर जानकारी देते हुए कहा कि स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज की आधारशिला है। उन्होंने छात्राओं को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा संतुलित आहार, स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य जांच को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ आत्मरक्षा के लिए सजग एवं आत्मविश्वासी बनाना रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी फैकल्टी सदस्य एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

You might also like