महनसर-भीखनसर से जयपुर के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू
निसं
बिसाऊ (नवयत्न)। महनसर और भीखनसर के ग्रामीणों को अब जयपुर जाने के लिए बिसाऊ जाकर बस पकड़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी। चूरू आगार की रोडवेज बस गुरुवार से महनसर और भीखनसर होकर जयपुर जाएगी। चूरू आगार प्रबंधक सुदीप शर्मा के अनुसार चूरू से जयपुर जाने वाली रोडवेज बस पहले बिसाऊ, टांई और मंडावा होकर जयपुर जाती थी। अब 20 अगस्त से बस का रूट बदलकर बिसाऊ, महनसर, भीखनसर, टांई और मंडावा किया गया है। रूट में बदलाव से पर्यटक स्थल महनसर और भीखनसर पंचायत मुख्यालय के ग्रामीण पहली बार सीधे रोडवेज बस सेवा से जयपुर से जुड़ जाएंगे। इससे ग्रामीणों को जयपुर के साथ मंडावा, मुकुंदगढ़, नवलगढ़ और चूरू आने-जाने में भी सुविधा मिलेगी। अब तक दोनों गांवों के ग्रामीणों को इन स्थानों पर जाने के लिए बिसाऊ पहुंचकर रोडवेज बस पकड़नी पड़ती थी। नई बस सेवा शुरू होने से ग्रामीणों का समय और परेशानी दोनों बचेंगे।