निष्पक्ष चुनाव की तैयारी : हरियाणा सीमा पर निगरानी, आचार संहिता में नए कामों पर रोक

अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। नगरीय निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरुण गर्ग ने कहा कि सभी प्रत्याशियों को समान अवसर दिए जाएंगे। पुलिस ने भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। हरियाणा सीमा पर विशेष चेकिंग की जा रही है। आचार संहिता लागू होने के बाद नई योजनाओं की घोषणा, नए कार्यादेश जारी करने और नए विकास कार्य शुरू करने पर रोक रहेगी। पहले से स्वीकृत और चल रहे काम जारी रह सकेंगे। रैली, जुलूस और सभा के लिए एसडीएम से अनुमति लेना जरूरी होगा। रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर रोक रहेगी।
हरियाणा सीमा पर कड़ी निगरानी
एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने बताया कि हरियाणा से लगती सीमा पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सीमावर्ती इलाकों में वाहनों की जांच और नाकेबंदी की जा रही है। चुनाव को प्रभावित करने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रत्याशियों के खर्च की भी निगरानी
चुनाव में खर्च की सीमा तय की गई है। नगर परिषद सदस्य प्रत्याशी अधिकतम 2.50 लाख रुपए और नगरपालिका सदस्य प्रत्याशी 1.50 लाख रुपए तक खर्च कर सकेंगे। प्रशासन चुनाव प्रचार के दौरान होने वाले खर्च पर भी नजर रखेगा।
मतदाताओं की मदद के लिए हेल्प डेस्क
चुनाव संबंधी जानकारी के लिए सभी उपखंड कार्यालयों में हेल्प डेस्क बनाई गई हैं। बीएलओ के पास भी मतदाता सूचियां उपलब्ध रहेंगी। मतदान केंद्रों पर पेयजल, छाया, रोशनी और जनरेटर की व्यवस्था की जाएगी। दिव्यांग मतदाताओं के लिए भी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रशासन ने साफ किया है कि चुनाव प्रक्रिया में किसी तरह की गड़बड़ी या नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

You might also like