पीएमश्री विद्यालय में बाल संसद गठित

महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न)। पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, श्रीमाधोपुर में संविधान क्लब के तत्वावधान में विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक चेतना, नागरिकता कौशल एवं संवैधानिक मूल्यों के विकास के उद्देश्य से प्रत्यक्ष निर्वाचन प्रणाली के माध्यम से बाल संसद का गठन किया गया। प्रधानाचार्या डॉ मधु चौधरी की अध्यक्षता में तथा चुनाव प्रभारी कैलाश चंद कुमावत एवं सुशीला जाखड़ के निर्देशन में संपन्न हुआ। निर्वाचन प्रक्रिया में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लोकतांत्रिक तरीके से मतदान कर अपने प्रतिनिधियों का चयन किया। मतदान प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद प्रधानाचार्या डॉ मधु चौधरी ने निर्वाचन परिणामों की आधिकारिक घोषणा की। उन्होंने निर्वाचित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि बाल संसद विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन, उत्तरदायित्व एवं निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी निर्वाचित सदस्यों से विद्यालय के विकास, अनुशासन एवं शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने में सक्रिय एवं सकारात्मक भागीदारी निभाने का आह्वान किया। निर्वाचन में प्रियांशु सैनी को बाल संसद का प्रधानमंत्री, देवव्रत मौर्य को खेल मंत्री तथा दीपिका वर्मा को शिक्षा मंत्री चुना गया। इसके साथ ही सात सदस्यीय मंत्रिमंडल का गठन किया गया। इस अवसर पर ओमप्रकाश गुर्जर, अनिल कुमार टेलर, धूड़ सिंह समिता, कपिल कुमार, शिशुपाल सिंह बिजारणियां एवं भूपेंद्र योगी सहित विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।

You might also like