फंगस लगे फल और गंदगी के बीच बन रहा था जूस, खाद्य विभाग ने करवाया बंद

निसं
जयपुर (नवयत्न)। शुद्ध आहार-मिलावट पर वार अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने झोटवाड़ा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए गंभीर स्वच्छता कमियां मिलने पर जूस निर्माण इकाई का संचालन तत्काल बंद करवा दिया। अभिहित अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि मैसर्स नारायण कैटरर्स/प्रेरणा शर्मा, प्लॉट नंबर-3, कल्याण कुंज, कांटा चौराहा, कालवाड़ रोड, झोटवाड़ा का निरीक्षण किया। जहां निरीक्षण में खाद्य निर्माण क्षेत्र में साफ.सफाई का अभाव मिला। परिसर में मच्छर और कीड़े मौजूद थे, जबकि फंगस और कीड़े लगे फल जूस बनाने के लिए रखे हुए थे। निर्माण इकाई में सीलन, नमी और बारिश के पानी की समस्या भी मिली। भंडारण एवं निर्माण क्षेत्र में गंदगी, टूटे फर्श व दीवारें तथा फंगस पाए गए, जिससे खाद्य पदार्थ दूषित होने की आशंका थी। इसके अलावा खाद्य पदार्थों एवं पैकेजिंग पर आवश्यक निर्माण और उपयोग अवधि संबंधी जानकारी का उचित अंकन भी नहीं मिला। गंभीर कमियों को देखते हुए खाद्य विभाग ने संचालक को स्वच्छता व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। जूस निर्माण इकाई का संचालन तत्काल बंद करवा दिया गया और आवश्यक सुधार के बाद ही नियमानुसार संचालन करने के निर्देश दिए गए।

You might also like