झाड़ली की पूनम कंवर ने माउंट एल्ब्रुस चोटी पर फहराया तिरंगा
महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न) । झाड़ली ग्राम की बिटिया पूनम कंवर ने यूरोप महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस (18510फीट) पर चढ़ाई कर इतिहास रच दिया। उन्होंने शिखर पर तिरंगा और विभागीय ध्वज फहराकर देश का मान बढ़ाया है।पूनम कंवर 21अगस्त को मॉस्को समयानुसार सुबह 9.15 बजे और भारतीय समयानुसार सुबह 11.45 बजे शिखर पर पंहुची और अभियान पूरा किया। पूनम कंवर वर्तमान में रेलवे सुरक्षा विशेष बल की 16 वीं वाहिनी आसनपोल में तैनात है। इससे पहले पूनम कंवर सन् 2024 में अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो (19341 फीट) और सन् 2025 में आस्ट्रेलिया की सर्वोच्च चोटी माउंट कोजियोस्को (7310 फीट) भी फतह कर चुकी है।पूनम कंवर ने बताया कि वे दो वर्षों से बेसिक व एडवांस पर्वतारोहण प्रशिक्षण ले रही थी। लगातार अभ्यास और प्रशिक्षण के बाद उन्होंने पहले किलिमंजारो और अब एल्ब्रुस अभियान में सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि अब उनका अगला लक्ष्य माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई करना है।