अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, अपराधी की नई हिस्ट्रीशीट खोली
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न) । जिले में अवैध मादक पदार्थों, लूट एवं अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बीकानेर पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। जिला पुलिस अधीक्षक मुदुल कच्छावा के निर्देश पर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में वांछित आरोपियों पर नकद इनाम घोषित करने के साथ ही आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है। इसी कड़ी में नोखा थाना क्षेत्र के एक आदतन अपराधी की नई हिस्ट्रीशीट खोलने के निर्देश दिए गए हैं।
नोखा के मोहनसिंह की नई हिस्ट्रीशीट खोलने के निर्देश
पुलिस के अनुसार नोखा निवासी मोहनसिंह पुत्र जगमालसिंह राजपूत की नई हिस्ट्रीशीट खोली गई है। संबंधित थाना अधिकारी को उसकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मोहनसिंह के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, अपहरण, मारपीट और अवैध हथियार सहित कई गंभीर मामलों में प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को नोखा क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हिस्ट्रीशीट खोले जाने के बाद पुलिस द्वारा संबंधित व्यक्ति की गतिविधियों, संपर्कों और आपराधिक पृष्ठभूमि पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
पांचू में लूट के दो आरोपियों पर 10-10 हजार का इनाम
पुलिस ने पांचू थाना क्षेत्र में दर्ज लूट के मामले में लंबे समय से वांछित दो आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया है। पुलिस के अनुसार 5 अगस्त 2026 को दर्ज प्रकरण में वांछित आरोपी अशोक पुत्र सरदारराम जाट, निवासी नावां, नोखा तथा मनीष पुत्र जीयाराम कुम्हार, निवासी देवड़, पांचौड़ी, जिला नागौर शामिल हैं। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4), 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज है।
कोलायत और गजनेर के नडीपीएस मामलों में 5-5 हजार का इनाम
कोलायत थाना क्षेत्र में 3 दिसंबर 2025 को दर्ज नडीपीएस एक्ट के मामले में वांछित आरोपी उसेन खिलेरी पुत्र चंदराम बिश्नोई, निवासी धरनोक, पांचू पर पुलिस ने 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। उसके खिलाफ नडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 और 29 के तहत मामला दर्ज है। इसी आरोपी के खिलाफ गजनेर थाने में 9 जनवरी 2026 को भी नडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 और 29 के तहत प्रकरण दर्ज होने की जानकारी पुलिस रिकॉर्ड में है।
लूणकरणसर में भी वांछित आरोपी पर 5 हजार का इनाम
लूणकरणसर थाना क्षेत्र में 18 फरवरी 2026 को नडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत दर्ज मामले में वांछित थामसुंदर पुत्र भगवानराम बिश्नोई, निवासी काजू की सीड, पांचू, जिला फलोदी पर भी पुलिस ने 5 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया है।
अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलकर निगरानी बढ़ाने के निर्देश
पुलिस ने बार-बार अपराध करने वाले तथा आमजन में भय पैदा करने वाले अपराधियों पर भी निगरानी बढ़ाने का निर्णय लिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना स्तर पर आपराधिक रिकॉर्ड की समीक्षा कर ऐसे बदमाशों की गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं। नोखा से जुड़ी कार्रवाई विशेष रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि पुलिस रिकॉर्ड में गंभीर मामलों में नाम सामने आने वाले मोहनीसिंह की नई हिस्ट्रीशीट खोलने से पुलिस निगरानी का दायरा और मजबूत होगा। वहीं नोखा-पांचू क्षेत्र से जुड़े फरार आरोपियों पर घोषित इनाम से पुलिस की प्राथमिकता साफ है कि लंबे समय से वांछित आरोपियों को पकड़ने के लिए सूचना तंत्र और निगरानी को सक्रिय किया जा रहा है। पुलिस का संदेश स्पष्ट है—अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी और गंभीर मामलों में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज की जाएगी।