घर से चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न)। घर से सोने-चांदी के आभूषण और मोबाइल चोरी करने के मामले में राजलदेसर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को एक सप्ताह के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण एवं अन्य सामान बरामद किया। पुलिस के अनुसार 18 अगस्त को भावनदेसर निवासी विनोद कुमार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उसका पुत्र विकास 13 अगस्त की सुबह करीब 3 बजे घर से 5 जोड़ी चांदी की पाजेब, सोने का मंगलसूत्र, सोने की टॉप्स की एक जोड़ी, सोने की बालियां, तीन नाक के लूंग सोने का बोरला, दो चांदी के सिक्के सहित अन्य पुराने सोने-चांदी के आभूषण और एक एंड्रॉयड मोबाइल लेकर चला गया। मामला दर्ज होने के बाद जांच एएसआई रामनिवास को सौंपी गई। रतनगढ़ पुलिस उपधीक्षक इनसार अली ने बताया कि थाना अधिकारी बेगाराम मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। टीम ने आरोपी की तलाश में माउंट आबू, सिरोही, जोधपुर, सुजानगढ़, श्रीडूंगरगढ़, छापर सहित आसपास के संभावित स्थानों पर दबिश दी। पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए छापर से आरोपी विकास निवासी भावनदेसर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से पांच जोड़ी पाजेब चांदी की, चांदी के 2 बड़े सिक्के, 4 छोटे सिक्के, चांदी की बालाजी की मूर्ति, बिछुड़ी चांदी की, नाक कांटे सोने के, मंगलसूत्र सोना का, टॉप्स की एक जोड़ी और बोरला सोना का सहित अन्य सामान बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई है। पुलिस का कहना है कि चोरी गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एक मामला दर्ज बताया गया है। पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। मामले में पुलिस का अनुसंधान जारी है।