विद्यालय में सुप्रीम फाउंडेशन के पदाधिकारियों का शैक्षिक निरीक्षण, रिक्त पदों पर शिक्षक लगाने की घोषणा
निसं
बीदासर (नवयत्न)। निकटवर्ती ग्राम ढाणी कुम्हारान स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शैक्षिक निरीक्षण एवं सहयोग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बीदासर ब्लॉक के एसीबीईओ प्रेम रतन शर्मा सहित सुप्रीम फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने विद्यालय की शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक गतिविधियों का अवलोकन किया तथा विद्यालय की आवश्यकताओं को लेकर चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान सुप्रीम फाउंडेशन के मुख्य ट्रस्टी महावीर तापड़िया, कमल डागा, मुख्य समन्वयक श्याम बाबू, कोऑर्डिनेटर दीपक कौशिक एवं योगेश ने विद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की अध्ययन व्यवस्था तथा सह-शैक्षिक गतिविधियों की जानकारी ली। पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ से संवाद कर विद्यालय की आवश्यकताओं और समस्याओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर विद्यालय में शिक्षकों के रिक्त पदों को लेकर भी चर्चा हुई। सुप्रीम फाउंडेशन के मुख्य ट्रस्टी महावीर तापड़िया ने विद्यालय में रिक्त सभी पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति के लिए आवश्यक स्वीकृति प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके, इसके लिए फाउंडेशन विद्यालय को आवश्यक सहयोग उपलब्ध करवाने का प्रयास करेगा।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से विद्यालय में डिजिटल बोर्ड उपलब्ध करवाने की भी घोषणा की गई। डिजिटल बोर्ड के माध्यम से विद्यार्थियों को विषयों को बेहतर ढंग से समझने तथा डिजिटल संसाधनों के जरिए अध्ययन करने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
एसीबीईओ प्रेम रतन शर्मा ने विद्यालय की शैक्षिक व्यवस्था एवं विद्यार्थियों के हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक संस्थाओं और फाउंडेशन का सहयोग विद्यालयों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है। विद्यालय परिवार की ओर से सुप्रीम फाउंडेशन के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया गया तथा उम्मीद जताई गई कि भविष्य में भी विद्यालय को इसी प्रकार सहयोग मिलता रहेगा।