वृद्धाश्रम में वृद्धजनों के साथ तेरापंथ कन्या मंडल ने साझा किए आत्मीय पल

निसं 

बीदासर (नवयत्न)। अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के तत्वावधान में संचालित ‘उपनिषद पार्ट-2’ के अंतर्गत तेरापंथ कन्या मंडल बीदासर द्वारा तेरापंथ महिला मंडल बीदासर के निर्देशन में बीकानेर स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में ‘विजिट टू ओल्ड एज होम’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कन्या मंडल की सदस्याओं ने वृद्धाश्रम में निवासरत करीब 200 वृद्धजनों के साथ आत्मीय समय बिताकर सेवा, संवेदना और अपनत्व का संदेश दिया।

 

कार्यक्रम में कन्या मंडल की सदस्याओं ने वृद्धजनों से आत्मीय संवाद किया और उनके साथ समय बिताया। इस दौरान वृद्धजनों को फल एवं बिस्कुट वितरित किए गए। सेवा और स्नेह से भरे इस आयोजन से वृद्धजनों के चेहरों पर मुस्कान देखने को मिली। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल खाद्य सामग्री का वितरण करना नहीं, बल्कि वृद्धजनों को सम्मान, अपनत्व और परिवार जैसी आत्मीयता का अनुभव कराना रहा।

 

इस अवसर पर अपना घर वृद्धाश्रम के व्यवस्थापक रमेश राठी ने वृद्धाश्रम की कार्यप्रणाली एवं वहां संचालित विभिन्न सेवा व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने वृद्धजनों की देखभाल, रहने एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में भी उपस्थित सदस्यों को अवगत कराया।

 

कार्यक्रम में तेरापंथ महिला मंडल बीदासर से सुशीला देवी सेखाणी, तेरापंथ कन्या मंडल संयोजिका गरिमा बोथरा, सह-संयोजिका दिव्या दुगड़ सहित सदस्य मेघा बैंगानी, रिया दुगड़, दिव्या बोथरा, मीनाक्षी सेखाणी, निशा सेखाणी एवं दिशा सिंघी की सहभागिता रही।

 

कन्या मंडल की सदस्याओं ने सेवा के इस अवसर को अपने जीवन का प्रेरणादायी अनुभव बताते हुए कहा कि वृद्धजनों के साथ बिताया गया समय संवेदना, धैर्य और रिश्तों की वास्तविक कीमत समझने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि सेवा केवल वस्तु देने का नाम नहीं, बल्कि किसी व्यक्ति को अपनेपन और सम्मान का एहसास कराने का माध्यम है। कार्यक्रम के माध्यम से इसी भावना को साकार करने का प्रयास किया गया।

You might also like