50 लाख के जेवरात और नकदी लेकर फरार आरोपी गिरफ्तार

अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। सोने के जेवरात और नकदी लेकर फरार हुए आरोपी को मेहाड़ा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी अंकित पुत्र इन्द्राज निवासी दुधवा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी से करीब 50 लाख रुपए कीमत के 250 ग्राम सोने के जेवरात और 55 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार परिवादिया ने रिपोर्ट में बताया था कि वो कॉलेज जाती थी तब अंकित उसका पीछा करता था। आरोप है कि एक दिन डर दिखाकर वह उसके पास से 11 सोने की अंगूठियां, दो जोड़ी टॉप्स, दो लखड़ी, टीका, पंजाबी बाली, चेन और मंगलसूत्र ले गया। इनका वजन करीब 25 तोला बताया गया है। इसके अलावा बैग में रखे 55 हजार रुपए भी ले गया। मामला दर्ज होने के बाद थानाधिकारी रामनारायण चोयल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने तकनीकी और मुखबिर तंत्र की मदद से मेहाड़ा थाना क्षेत्र और हरियाणा सीमा के आसपास कई जगह दबिश दी। इसी बीच आरोपी ने परिवादिया के घर जाकर मुकदमा वापस लेने की धमकी भी दी थी। मुकदमा वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने उसे 21 अगस्त को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके बाद 25 अगस्त को उसे प्रोटेक्शन वारंट पर खेतड़ी जेल से लाकर इस मामले में गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने जेवरात और नकदी बरामद की। मामले में अनुसंधान जारी है। कार्रवाई में थानाधिकारी रामनारायण चोयल, एएसआई कल्याण सिंह, मुकेश कुमार, बाबूलाल, हेड कांस्टेबल भीमकौर तथा कांस्टेबल अजय कुमार, पंकज, महेंद्र कुमार और विकास शामिल रहे। एएसआई कल्याण सिंह का विशेष योगदान रहा।

You might also like