प्रस्तावित बीयर बार के लाइसेंस के विरोध में वार्डवासियों ने सौंपा ज्ञापन

निसं
बीदासर (नवयत्न)। कस्बे के वार्ड नंबर 04 में प्रस्तावित बीयर बार के लाइसेंस को लेकर स्थानीय वार्डवासियों ने विरोध जताया है। वार्डवासियों ने जिला आबकारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित बीयर बार का लाइसेंस जारी नहीं करने की मांग की। उन्होंने प्रशासन से लाइसेंस जारी करने से पहले मौके का निरीक्षण कर आसपास की आबादी, आवागमन, सार्वजनिक सुविधाओं तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत जांच करने की मांग की। वार्डवासियों ने ज्ञापन में बताया कि आबकारी विभाग में संबंधित बीयर बार का आवेदन प्रक्रियाधीन है। उनका कहना है कि जिस स्थान पर बीयर बार प्रस्तावित है, उसके आसपास बड़ी संख्या में परिवार निवास करते हैं। क्षेत्र में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की नियमित आवाजाही रहती है। ऐसे में आबादी के बीच बार का संचालन शुरू होने से क्षेत्र के शांतिपूर्ण माहौल पर प्रतिकूल प्रभाव पडऩे की आशंका है।
देर रात तक संचालन को लेकर जताई चिंता
वार्डवासियों ने कहा कि बार का संचालन देर रात तक होने की स्थिति में क्षेत्र में लोगों की आवाजाही बढ़ सकती है। इससे स्थानीय निवासियों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि किसी भी प्रकार का लाइसेंस जारी करने से पहले आसपास के निवासियों की आपत्तियों और क्षेत्र की वास्तविक परिस्थितियों को ध्यान में रखा जाए। ज्ञापन में वार्डवासियों ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध किसी व्यक्ति विशेष अथवा किसी कारोबारी के खिलाफ नहीं है। उनका कहना है कि उनकी आपत्ति केवल आबादी क्षेत्र में प्रस्तावित बीयर बार से उत्पन्न होने वाली संभावित सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की समस्याओं को लेकर है। वार्डवासियों ने प्रशासन से जनहित में मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की।
पूर्व की घटनाओं का भी दिया हवाला
वार्डवासियों ने ज्ञापन में बीदासर में पूर्व में शराब कारोबार से जुड़े विवादों और गंभीर घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि आबादी वाले क्षेत्र में नया बार शुरू होने से भविष्य में कानून-व्यवस्था से संबंधित समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि पूर्व की परिस्थितियों और वर्तमान क्षेत्र की स्थिति को देखते हुए किसी भी निर्णय से पहले सभी पहलुओं का परीक्षण किया जाए।
मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
वार्डवासियों ने मुख्यमंत्री के नाम दिए ज्ञापन में प्रस्तावित बीयर बार का लाइसेंस निरस्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रशासन को आमजन की सुरक्षा, क्षेत्र के शांतिपूर्ण वातावरण और कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए निर्णय लेना चाहिए। साथ ही प्रस्तावित स्थल का मौका निरीक्षण करवाकर स्थानीय लोगों की आपत्तियों पर भी विचार करने की मांग की गई। ज्ञापन सौंपने के दौरान मेघराज जाट, धर्मेंद्र जाट, धनराज, हुलास, राजूराम, अयूब, जितुराम, हेमाराम, कानाराम सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे। वार्डवासियों ने कहा कि जब तक उनकी आपत्तियों का समाधान नहीं होता, वे प्रस्तावित बीयर बार के लाइसेंस का विरोध जारी रखेंगे।

You might also like