महिला सुपरवाइजर भर्ती पेपर लीक मामला : कालेर गैंग से पेपर खरीदकर भाभी को नकल कराने वाला गिरफ्तार

निसं
जयपुर (नवयत्न)। महिला सुपरवाइजर (महिला अधिकारिता) सीधी भर्ती परीक्षा-2018 के पेपर लीक मामले में स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप ने तुलछाराम कालेर गैंग से पांच लाख रुपए में पेपर खरीदने वाले आरोपी मनीराम सारण को गिरफ्तार किया है। चूरू के सांडवा थाना क्षेत्र स्थित कातर बड़ी गांव निवासी मनीराम ने कथित तौर पर लीक पेपर खरीदकर अपनी भाभी को ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए परीक्षा में नकल करवाई थी। आरोपी से पेपर लीक नेटवर्क और अन्य लाभार्थी अभ्यर्थियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस विशाल बंसल के अनुसार 6 जनवरी 2019 को आयोजित महिला सुपरवाइजर भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र बीकानेर के श्री रामसहाय आदर्श सेकंडरी स्कूल से लीक हुआ था। जांच के अनुसार गिरोह के सरगना तुलछाराम कालेर, पौरव कालेर तथा गिरोह के सदस्य राजू मैट्रिक्स और दिनेश सिंह चौहान ने मिलकर पेपर लीक किया था। लीक प्रश्नपत्र को गिरोह के सदस्यों ने हल किया और ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए अभ्यर्थियों को उत्तर बोलकर नकल कराई गई। जांच में सामने आया कि पेपर लीक में तुलछाराम कालेर गैंग के साथ जगदीश बिश्नोई गैंग की भी संलिप्तता रही। दोनों गैंग के सदस्यों ने अपने रिश्तेदारों और अन्य अभ्यर्थियों को लीक पेपर उपलब्ध कराया तथा ब्लूटूथ के जरिए परीक्षा में नकल कराई। इस संबंध में एसओजी थाना जयपुर में प्रकरण दर्ज है। मनीराम को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पेपर लीक नेटवर्क और इससे लाभ लेने वाले अन्य अभ्यर्थियों के बारे में पूछताछ की जा रही है। एसओजी के अनुसार मामले में अब तक 13 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इनमें पेपर लीक गिरोह के सात सदस्य और नकल के जरिए परीक्षा देने वाली छह महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।

You might also like