किसानों की समस्याओं को लेकर एक्सईएन कार्यालय का किया घेराव
नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न)। रतनगढ़ में अखिल भारतीय किसान सभा तहसील कमेटी के अध्यक्ष मदन जाखड़ के नेतृत्व में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर विद्युत विभाग के एक्सईएन कार्यालय का घेराव किया गया। इस दौरान सैकड़ों किसानों ने धरने में शामिल होकर विद्युत विभाग के खिलाफ अपनी समस्याओं को लेकर आक्रोश व्यक्त किया। किसानों की प्रमुख समस्या कृषि कनेक्शनों के लिए निर्धारित छह घंटे की बिजली आपूर्ति को लेकर रही। किसानों ने बताया कि वर्तमान में बिजली रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक दी जा रही है, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा लगातार 10-15 मिनट में ट्रिपिंग, कम वोल्टेज के कारण ट्यूबवेल मोटर एवं अन्य विद्युत उपकरण जलने से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों ने बताया कि करीब तीन वर्ष पहले डिमांड नोटिस की राशि जमा कराने के बावजूद अनेक कृषि कनेक्शन लंबित हैं। इसी तरह ढाणी कनेक्शनों का सर्वे भी तीन वर्ष पहले हो चुका है, लेकिन बड़ी संख्या में कनेक्शन अभी तक जारी नहीं किए गए हैं। जर्जर विद्युत पोल भी हादसे का कारण बन सकते हैं, जिससे किसानों में चिंता बनी हुई है। धरने के दौरान बिजली विभाग के अधिकारियों ने कार्यालय से बाहर आकर किसानों के बीच बैठे और उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना। अधिकारियों ने सौहार्दपूर्ण माहौल में वार्ता करते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। धरने में किसान सभा के पदाधिकारी नौरंग सारण, ओमप्रकाश तलनिया, मनीष जाखड़, देवाराम ढाका, लक्ष्मणराम सारण, तेजाराम चाहर, रक्षपाल ढाका, बीरबलराम चाहर, भंवरलाल, नंदराम मूंड, किशन ढाका, भागीरथ खैरिया, सुराजाराम सहारण, मांगेजाराम मेघवाल, लेखुराम बलारा, सीताराम झाझडिय़ा, सियाचंद कंसूजिया, देवीलाल, फूलाराम, आशाराम चाहर, भंवरलाल हुड्डा सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे। किसान सभा ने स्पष्ट किया कि अधिकारियों द्वारा दिए गए आश्वासन के अनुसार यदि निर्धारित समय में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो किसानों के हित में आंदोलन तेज किया जाएगा।