पार्षद नामांकन के लिए उमड़ा दावेदारों का सैलाब

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। नगरपालिका चुनावों को लेकर लाडनूं में चुनावी सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही हैं। नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन शनिवार को एसडीएम कार्यालय में पार्षद पद के दावेदारों और उनके समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली। नगर पालिका के 45 वार्डों में होने वाले चुनाव को लेकर उम्मीदवारों में खासा उत्साह नजर आया और बड़ी संख्या में प्रत्याशियों ने अपनी दावेदारी पेश की। पहले चरण में 9 सितंबर को नगरपालिका के चुनाव होने हैं। चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ ही शहर के सभी वार्डों में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। विभिन्न वार्डों से उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे। नामांकन के लिए कांग्रेस, भाजपा व निर्दलीय उम्मीदवारों ने निर्वाचन अधिकारी ममता लहुआ, सहायक निर्वाचन अधिकारी कुटेंद्र कंवर एवं मनीष सिंघाटिया के समक्ष पेश होकर कुल 61 उम्मीदवारों ने 83 नामांकन पत्र दाखिल किए। बड़ी संख्या में उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करने से चुनावी मुकाबला और अधिक रोचक हो गया है। अब सोमवार को नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन होने के चलते राजनीतिक हलकों और संभावित उम्मीदवारों की निगाहें अंतिम दिन होने वाले नामांकन पर टिकी हुई हैं।

You might also like