राजोता मंदिर में लगाया वाटर कूलर उखाड़ा, ग्रामीणों में आक्रोश

निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। खेतड़ी उपखंड के राजोता गांव स्थित हीरामल जी मंदिर परिसर में जनसेवा के लिए लगाया गया वाटर कूलर उखाड़ने का मामला सामने आया है। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस से वाटर कूलर उखाड़ने वाले का पता लगाकर कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं, राहगीरों और आसपास के लोगों को गर्मी में ठंडा पानी उपलब्ध कराने के लिए भामाशाह रामनिवास लादी ने वाटर कूलर लगवाया था। इससे मंदिर आने वाले लोगों को पेयजल की सुविधा मिल रही थी। ग्रामीणों का आरोप है कि किसी व्यक्ति ने वाटर कूलर को उखाड़ दिया। उनका कहना है कि आमजन की सुविधा के लिए लगाए गए संसाधन को हटाने से लोगों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से जनसेवा के कार्यों को भी हतोत्साहित किया जाता है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस के एएसआई कैलाश चंद मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की जांच कर वाटर कूलर उखाड़ने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने तथा वाटर कूलर को दोबारा स्थापित करवाने की मांग की है।

You might also like