सौंथली में भागवत कथा से पहले निकली कलश यात्रा
निसं
बुगाला (नवयत्न)। सौंथली गांव के रघुनाथ मंदिर में सोमवार से श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। कथा के शुभारंभ पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं व श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए टीटनवाड़ सहित विभिन्न स्थानों से गुजरती हुई कथा स्थल पर पहुंची। कलश यात्रा के दौरान धार्मिक भजनों और जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। यात्रा में विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां भी सजाई गई, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। जगह-जगह ग्रामीणों ने कलश यात्रा का स्वागत किया। कथा के प्रथम दिन कथावाचक पंडित अजय मिश्रा ने श्रीमद्भागवत कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भागवत का चिंतन मनुष्य के जीवन को सही दिशा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि भागवत चिंतन रूपी तलवार से कर्मों की गांठों को काटा जा सकता है। भागवत कथा के श्रवण से मनुष्य को जीवन के वास्तविक उद्देश्य का बोध होता है तथा सद्कर्मों की प्रेरणा मिलती है। कथा के मुख्य यजमान अशोक मिश्रा दम्पती रहे। इस दौरान भक्ति गीतों और धार्मिक प्रसंगों से श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए। इस अवसर पर गांव सहित आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।