मतदाता जागरूकता एवं दिवेर विजय महोत्सव कार्यक्रम आयोजित

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। मांगीलाल बागड़ी राजकीय महाविद्यालय, नोखा में स्वीप/इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब तथा राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रथम एवं द्वितीय के संयुक्त तत्वावधान में मतदाता जागरूकता एवं दिवेर विजय महोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों, एनएसएस स्वयंसेवकों एवं संकाय सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में लोकतंत्र के सुदृढ़ीकरण एवं शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों को मतदाता शपथ दिलाई गई। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ रणवीर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मतदान केवल संवैधानिक अधिकार ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व भी है। उन्होंने युवाओं से बिना किसी दबाव, भय या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान किया।
दिवेर विजय महोत्सव-2026 की दी जानकारी
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा, राजस्थान एवं प्रताप गौरव केंद्र राष्ट्रीय तीर्थ, उदयपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले दिवेर विजय महोत्सव-2026 के संबंध में विद्यार्थियों को विस्तार से जानकारी दी गई। महाविद्यालय के एनएसएस प्रभारी ने एनएसएस इकाई प्रथम एवं द्वितीय के स्वयंसेवकों व विद्यार्थियों को महोत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं की जानकारी दी। इनमें निबंध एवं ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता प्रमुख हैं। साथ ही 20 सितंबर को आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय नि:शुल्क ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के नियमों तथा गूगल फॉर्म के माध्यम से 15 सितंबर तक पंजीकरण एवं मोबाइल एप के जरिए परीक्षा में सम्मिलित होने की प्रक्रिया समझाई गई। एनएसएस प्रभारियों ने विद्यार्थियों को महाराणा प्रताप के शौर्य, स्वाभिमान एवं ऐतिहासिक दिवेर विजय से प्रेरणा लेते हुए प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ रणवीर सिंह सहित महाविद्यालय के संकाय सदस्य डॉ रामकिशन चौधरी, सतीराम बिश्नोई, डॉ विशाल कुमार सगतानी, दीपिका भाटी, प्रेमराम, जैताराम पारिक, डॉ आमिर सौफेल, मनरेखा राठौड़ एवं नरेंद्र सिंह सहित समस्त स्टाफ, एनएसएस इकाई प्रथम एवं द्वितीय के स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

You might also like