प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस मनाया
सुरेन्द्र शर्मा
सीकर (नवयत्न)। जिले के सरकारी चिकित्सालयों में गुरूवार को गर्भवती महिलाओं के नाम रहा। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत मनाए गए एमएमएसएम दिवस के तहत चिकित्सालयों में चिकित्सकों ने गर्भवती के स्वास्थ्य की जांच कर गर्भ में पल रहे शिशु और स्वयं के देखभाल की जानकारी दी। वहीं विभाग के जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने चिकित्सालयों पर जाकर निरीक्षण किया और गर्भवती को दी गई सेवाओं व सुविधाओं को परखा। उन्होंने अस्पताल की साफ सफाई, दवाइयों की उपलब्धता, जांचों की स्थिति व उपकरणों का रखरखाव, स्टाफ की उपस्थिति और अस्पताल के भवन सहित सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अशोक महरिया ने बताया कि गर्भावस्था व प्रसव के दौरान होने वाले जोखिमों को कम करने के लिए विभाग की ओर से प्रत्येक माह की 9, 18 व 27 तारीख को सरकारी चिकित्सालयों में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस मनाया जाता है, लेकिन इस बार निकाय चुनाव के मद्देनजर गुरूवार को दिवस मनाया गया। सभी जिला अस्पताल, उप जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर गर्भवती व शिशु स्वस्थ हो और प्रसव के दौरान होने वाले जोखिम को कम करने के लिए जांच हुई। जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ विशाल सिंह ने बताया कि अस्पतालों में गर्भवती की हिमोग्लोबिन, एचआईवी, सिफलिस, ब्लड प्रेशर, तापमान की जांच, हृदय स्पंदन व प्रसव से संबंधित जटिलताओं की जांच की गई। साथ विभाग के पीसीटीएस सॉफ्टवेयर में पंजीकृत गर्भवती महिलाओं की एलएमपी तारीख के अनुसार द्वितीय या तीसरी तिमाही वाली महिलाओं को सोनोग्राफी कराने के लिए मॉ वाउचर योजना के तहत कूपन दिए गए, ताकि कूपन के माध्यम से गर्भवती महिला विभाग के अधिकृत किसी भी निजी सोनोग्राफी सेंटर पर अपनी सोनोग्राफी नि:शुल्क करवा सके।