ग्रीन फिट मैराथन सीजन-3 के पोस्टर का सांसद शर्मा ने किया विमोचन
निसं
जयपुर (नवयत्न)। फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर आयोजित होने वाली ग्रीन फिट मैराथन सीजन-3 का आयोजन 27 सितंबर को विद्याधर नगर में होगा। मैराथन के लिए अब तक 7 हजार से अधिक प्रतिभागी रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। आयोजन की तैयारियों के तहत जयपुर सांसद मंजू शर्मा ने मैराथन के पोस्टर का विमोचन किया। उन्होंने ग्रीन फिट फाउंडेशन पहल की सराहना करते हुए फिटनेस के साथ पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई। इस अवसर पर ग्रीन फिट फाउंडेशन के संस्थापक वीरेंद्र सिंह, मेंटर अजय अग्रवाल और रेस डायरेक्टर लेफ्टिनेंट कर्नल वीपी सिंह सेवानिवृत्त मौजूद रहे। मैराथन में 21 किमी, 10 किमी, 5 किमी और 3 किमी की विभिन्न श्रेणियां रखी गई हैं। मैराथन का संदेश स्वस्थ भारत, हरित भारत-एक जन आंदोलन रखा गया है।