मतगणना कल, दोपहर 12 बजे तक साफ हो जाएगी तस्वीर

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान संपन्न होने के बाद अब सभी की निगाहें सोमवार को होने वाली मतगणना पर टिक गई हैं। चुनाव परिणामों को लेकर कस्बे में राजनीतिक चर्चाओं और हार-जीत के कयासों का दौर तेज हो गया है। माना जा रहा है कि दोपहर 12 बजे तक अधिकांश वार्डों की स्थिति स्पष्ट होने लगेगी और नगर पालिका के नए बोर्ड की तस्वीर भी सामने आ जाएगी। इस बार पिछले चुनाव की तुलना में करीब 5 प्रतिशत कम मतदान हुआ है। मतदान प्रतिशत में आई कमी ने राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों की चिंता बढ़ा दी है। कम मतदान का फायदा किसे मिलेगा और किसके पक्ष में समीकरण बने हैं, इसे लेकर दोनों प्रमुख राजनीतिक खेमों में अलग.अलग दावे किए जा रहे हैं। नोखा में इस बार मुख्य मुकाबला माकपा और भाजपा के बीच माना जा रहा है। माकपा की ओर से पूर्व संसदीय सचिव कन्हैया लाल झंवर की प्रतिष्ठा दांव पर है, वहीं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल बिश्नोई के लिए भी यह चुनाव प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ है। दोनों ही नेता अपने-अपने समर्थकों के साथ नगर पालिका में बोर्ड बनाने का दावा कर रहे हैं। मतदान के बाद चाय की थड़ियों से लेकर बाजार और मोहल्लों तक चुनाव परिणाम को लेकर चर्चाएं चल रही हैं। प्रत्याशी और उनके समर्थक अपने.अपने बूथों पर हुए मतदान, मतदाताओं के रुझान और स्थानीय समीकरणों के आधार पर जीत-हार का गणित लगाने में जुटे हैं। हालांकि वास्तविक तस्वीर मतगणना के बाद ही सामने आएगी। 45 वार्डों के प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का पिटारा सोमवार को खुलेगा। कई प्रत्याशियों की प्रतिष्ठा सीधे तौर पर इस चुनाव परिणाम से जुड़ी हुई है। वहीं नगर पालिका में बोर्ड बनाने के लिए दोनों प्रमुख दलों के बीच बहुमत के आंकड़े को लेकर भी जोड़-तोड़ और संभावित समीकरणों पर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। अब सोमवार को होने वाली मतगणना यह तय करेगी कि नोखा की जनता ने किसके पक्ष में अपना जनादेश दिया है, और नगर पालिका की सत्ता की चाबी किसके हाथ आएगी। भाजपा और माकपा दोनों ही बोर्ड बनाने को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे हैं, लेकिन अंतिम फैसला मतपेटियों से निकलने वाले परिणाम ही करेंगे।

You might also like