860 वोटों से जीतकर विक्रम शर्मा ने रचा इतिहास, विधानसभा क्षेत्र में सबसे बड़े अंतर से बने सरपंच

संजय सोनी
झुंझुनू (नवयत्न)। जनता का विश्वास, गांव की एकजुटता और विकास की उम्मीद जब एक साथ जुड़ती है तो परिणाम भी ऐतिहासिक बन जाते हैं। ऐसा ही कुछ ग्राम पंचायत काजड़ा में देखने को मिला। यहां सरपंच पद पर विक्रम शर्मा ने 860 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर नया इतिहास रच दिया। विक्रम शर्मा विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक मतों के अंतर से जीतने वाले सरपंच बने हैं। वहीं झुंझुनूं जिले में जीत के अंतर के मामले में उन्होंने चौथा स्थान हासिल किया है। इस बड़ी जीत के साथ ही पूरे क्षेत्र में विक्रम शर्मा की चर्चा हो रही है। ग्राम पंचायत काजड़ा में हुए सरपंच चुनाव में विक्रम शर्मा को कुल 1413 वोट मिले। पंचायत में कुल 2160 मतों की पोलिंग हुई थी। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 860 वोटों से हराकर शानदार जीत हासिल की। चुनाव परिणाम घोषित होते ही समर्थकों और ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। गांव में जगह-जगह मिठाइयां बांटकर और एक-दूसरे को बधाई देकर जीत का जश्न मनाया गया।
गांव की एकजुटता बनी ऐतिहासिक जीत का आधार
विक्रम शर्मा की इस जीत की सबसे खास बात यह रही कि ग्रामीणों ने चुनाव को किसी एक व्यक्ति की लड़ाई नहीं बनने दिया। गांव के लोगों ने एकजुट होकर इसे अपना चुनाव समझकर लड़ा। चुनाव के दौरान ग्रामीणों का समर्थन और भरोसा लगातार विक्रम शर्मा के साथ दिखाई दिया। यही सामूहिक ताकत मतगणना के परिणाम में भी नजर आई। 860 वोटों का जीत का अंतर इस बात का प्रमाण बना कि गांव के लोगों ने उन्हें बड़े जनादेश के साथ जिम्मेदारी सौंपी है।
यह मेरी नहीं, मेरे पूरे गांव की जीत है
जीत के बाद विक्रम शर्मा ने कहा कि यह जीत मेरी व्यक्तिगत जीत नहीं है, बल्कि मेरे पूरे गांव की जीत है। हमारा चुनाव मेरा चुनाव नहीं था, बल्कि पूरे गांव ने मिलकर चुनाव लड़ा है। गांव के प्रत्येक व्यक्ति ने इसे अपनी जिम्मेदारी समझकर साथ दिया और अपना आशीर्वाद व समर्थन दिया। इसी एकजुटता की वजह से इतनी बड़ी जीत मिली है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने जिस विश्वास और उम्मीद के साथ उन्हें सरपंच की जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। वे गांव के प्रत्येक व्यक्ति के विश्वास को बनाए रखने का प्रयास करेंगे। उनके लिए सरपंच का पद केवल राजनीतिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि गांव की सेवा करने का अवसर है।
अब काजड़ा में विकास की नई लहर लाने का संकल्प
विक्रम शर्मा ने कहा कि चुनाव समाप्त हो चुका है और अब उनका पूरा ध्यान गांव के विकास पर रहेगा। चुनाव के दौरान ग्रामीणों ने जो उम्मीदें और समस्याएं उनके सामने रखी हैं, उनका समाधान करना प्राथमिकता होगी। गांव में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार, विकास कार्यों को गति देना और आमजन की समस्याओं का समाधान उनकी कार्ययोजना में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि पंचायत के प्रत्येक वार्ड और ढाणी तक विकास पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। विकास के मामले में किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा। जो लोग चुनाव में उनके साथ थे और जो उनके विरोध में थे, वे सभी उनके अपने गांव के लोग हैं। अब सभी को साथ लेकर पंचायत को आगे बढ़ाना ही उनका उद्देश्य रहेगा।
बड़े जनादेश के साथ बढ़ी जिम्मेदारी
विधानसभा क्षेत्र में सबसे बड़े अंतर से जीत दर्ज करना और जिले में चौथे स्थान पर रहना विक्रम शर्मा की चुनावी सफलता को खास बनाता है। लेकिन इस बड़ी जीत के साथ ग्रामीणों की उम्मीदें और जिम्मेदारियां भी बढ़ गई हैं। लोगों को अब उनसे गांव की तस्वीर बदलने, विकास कार्यों को धरातल पर उतारने और पंचायत में पारदर्शी व्यवस्था कायम करने की अपेक्षा है। काजड़ा में मिली यह जीत गांव की एकजुटता और सामूहिक भागीदारी की मिसाल बन गई है। अब ग्रामीणों को इंतजार है कि चुनाव में मिले इस ऐतिहासिक जनसमर्थन का असर गांव के विकास में भी दिखाई दे। विक्रम शर्मा ने भी साफ कर दिया है कि उनकी प्राथमिकता राजनीति नहीं, बल्कि गांव की सेवा और विकास रहेगी। उनका कहना है कि जनता ने जो भरोसा जताया है, उसे विकास कार्यों के जरिए कायम रखना ही उनका सबसे बड़ा लक्ष्य होगा।

You might also like