खेतड़ी में गणेश चतुर्थी की धूम, झोझू धाम में दो दिवसीय महोत्सव शुरू, आज लगेगा मेला

निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। झोझू धाम स्थित श्री गणेश मंदिर में रविवार को गणेश चतुर्थी के अवसर पर दो दिवसीय महोत्सव की शुरुआत हुई। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। मुख्य यजमान सुरेश कुमार कनौडिया ने विधिवत हवन किया। इसके बाद महाआरती हुई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। वृंदावन तपोवन आश्रम के महंत विद्यार्थी महाराज ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले मंदिर में भगवान गणेश के पुत्र शुभ और लाभ की प्रतिमाओं की भी प्राण-प्रतिष्ठा कराई गई थी। उन्होंने बताया कि जब वे पहले खेतड़ी के विभिन्न मंदिरों में गए तो उन्हें आश्चर्य हुआ कि क्षेत्र में भगवान गणेश का कोई प्रमुख मंदिर नहीं था। इसको लेकर ग्रामीणों से चर्चा की गई और वर्ष 2003 में झोझू धाम में ऋद्धि-सिद्धि सहित भगवान गणेश का मंदिर बनवाया गया। गणेश चतुर्थी के अवसर पर झोझू धाम में मेले का आयोजन भी किया जा रहा है। इसके लिए मंदिर परिसर को सजाया गया है। मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं के दर्शन, पूजा-अर्चना और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम में सुरेश कनौडिया, सुंदर कनौडिया, मिठ्ठू शर्मा, पवन पापुर्णिया, अमित शर्मा, राकेश सिंघोदिया, जयंत खाखरा, प्रकाश शर्मा, सुभाष चेजारा, श्रीराम चेजारा, पारस वर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

You might also like